महिलाओं के स्वयं सेवी संगठन जेसीआई मुरैना जागृति ने सेवाभाव की एक और मिसाल पेश की है। इस बार संगठन की सदस्यों ने एक मजदूर की बेटी के ब्याह में सहयोग देते हुए उसे ज्वेलरी, साड़ियां व घर-गृहस्थी में काम आने वाली तमाम चीजें उपहार में दीं। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…
मुरैना। महिलाओं के स्वयं सेवी संगठन जेसीआई मुरैना जागृति ने सेवाभाव की एक और मिसाल पेश की है। इस बार संगठन की सदस्यों ने एक मजदूर की बेटी के ब्याह में सहयोग देते हुए उसे ज्वेलरी, साड़ियां व घर-गृहस्थी में काम आने वाली तमाम चीजें उपहार में दीं। जेसीआई जागृति की सदस्यों को जानकारी मिली कि गलेथा के झील का पुरा गांव में एक मजदूर परिवार को बेटी के विवाह में आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी मिलते ही संगठन की पदाधिकारी व सदस्य संकल्प के साथ बेटी के लिए जरूरी सामान एकत्रित करने में जुट गईं। तमाम समान लेकर वे झील का पुरा गांव पहुंचीं और उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया। संगठन की ओर से बिटिया को कूलर, फ्रिज, ड्रेसिंग टेबल, साड़ियां, ज्वेलरी, बेडशीट, बर्तन, नाक की लौंग, पायल, मेकअप का सामान आदि भेंट किया गया। जेसीआई की ओर से मिले ढेर सारे उपहार पाकर बिटिया सहित उसके परिजन के चेहरे खिल उठे। आर्थिक तंगी की बजह से कन्या की मां पलंग के स्थान पर खटिया लाई थी। संस्था की ओर से जब उसे पलंग भेंट किया गया तो उसकी आंखों में आंसू आ गए।
सक्षम वर्ग आए आगे
कन्या के परिजनों ने इस सहयोग के लिए जेसीआई मेम्बर्स का हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस सेवाभावी कार्य में नगर निगम के उपसभापति आयुष अग्रवाल ने भी सहयोग दिया। इस अवसर पर जेसीआई मुरैना जागृति की अध्यक्ष जेसी ज्योति मोदी ने कहा कि हम भविष्य में भी इस तरह के पुनीत कार्यो में अपना योगदान देते रहेंगे। संगठन की फाउंडर प्रेसिडेंट भावना जैन ने कहा कि बेटी को विदा करते वक्त उसे जरूरत की चीजें उपहार में देना एक पिता का सपना होता है। लेकिन कई बार आर्थिक तंगी की वजह से लोग ऐसा नहीं कर पाते। ऐसे में समाज के सक्षम वर्ग का दायित्व बनता है कि इस नेक कार्य के लिए स्वेच्छा से उनकी सहायता करे। इस अवसर पर जेसीआई मुरैना जागृति की फाउंडर प्रेसिडेंट जेसी भावना जैन, वर्तमान अध्यक्ष जेसी ज्योति मोदी, सचिव जेसी सारिका सिंघल, कोषाध्यक्ष जेसी बीनू अग्रवाल, पास्ट प्रेसिडेंट जेसी कविता सिंघल, जेसी अंजना शिवहरे, जेसी सुमन भदौरिया, जेसी नीता शिवहरे, जेसी हेमलता मोदी, जेसी लता गोयल, श्वेता अग्रवाल, उमा गर्ग, अंजना गर्ग उपस्थित रहीं l













Add Comment