समाचार

जैन तीर्थ टिकटोली वार्षिक मेला पत्रिका का हुआ विमोचन : आचार्यश्री ने दिया आशीर्वाद, 29 को मेला एवं महामस्तकाभिषेक


प्राचीन तीर्थ टिकटोली दूमदार जौरा में 29 दिसंबर को होने जा रहे वार्षिक मेले की पत्रिका का विमोचन भव्य समारोह में किया गया। श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन त्रिमूर्ति परमोदय अतिशय तीर्थ टिकटोली के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी ने बताया कि विगत दिवस जैन तीर्थ अतिशय क्षेत्र टिकटोली के प्रतिनिधि मंडल ने जबलपुर में विराजमान आचार्यश्री समयसागरजी महाराज के श्री चरणों में श्रीफल भेंटकर क्षेत्र पर चल रहे विकास कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुरैना से पढ़िए, मनोज जैन नायक की यह खबर…


मुरैना। प्राचीन तीर्थ टिकटोली दूमदार जौरा में 29 दिसंबर को होने जा रहे वार्षिक मेले की पत्रिका का विमोचन भव्य समारोह में किया गया। श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन त्रिमूर्ति परमोदय अतिशय तीर्थ टिकटोली के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी ने बताया कि विगत दिवस जैन तीर्थ अतिशय क्षेत्र टिकटोली के प्रतिनिधि मंडल ने जबलपुर में विराजमान आचार्यश्री समयसागरजी महाराज के श्री चरणों में श्रीफल भेंटकर क्षेत्र पर चल रहे विकास कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रतिनिधि मंडल ने गुरुदेव के श्री चरणों में निवेदन करते हुए कहा कि संत शिरोमणि आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज प्रेरणा एवं आशीर्वाद से ही क्षेत्र सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर है। अब आगामी निर्माण कार्यों एवं विकास कार्यों के लिए आपके मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद की सतत् आवश्यकता है। आपके दिशा-निर्देशन में ही अतिशय क्षेत्र टिकटोली समग्र विकास की ओर अग्रसर होगा। आचार्यश्री समयसागरजी महाराज ने टिकटोली प्रतिनिधि मंडल से काफी देर विचार-विमर्श किया और सभी को शुभाशीष प्रदान किया।

सभा के मध्य हजारों की संख्या में उपस्थित गुरुभक्तों की उपस्थिति में आचार्यश्री समयसागरजी महाराज के पावन सान्निध्य में जैन तीर्थ अतिशय क्षेत्र टिकटोली के परम शिरोमणि संरक्षक अजय जैन दनगसिया अजमेर, अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी मुरैना, महामंत्री ओमप्रकाश जैन जौरा, कोषाध्यक्ष एडवोकेट दिनेशचंद वरैया, मंत्री पंकज जैन मेडिकल सहित अनेकों श्रावक-श्रेष्ठियों ने 29 दिसंबर को होने वाले एक दिवसीय वार्षिक मेला एवं महामस्तकाभिषेक पत्रिका का विमोचन किया।

टिकटोली में होगा विशाल एवं भव्य जिनालय का निर्माण

अतिशय क्षेत्र टिकटोली के आसपास न कोई बस्ती है, न ही कोई जैन परिवार रहता है। सुनसान पहाड़ी इलाके में वर्ष 2022 में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के शिष्य मुनिश्री अजीत सागर जी महाराज का प्रथमवार चातुर्मास हुआ था। गुरुदेव के आशीर्वाद से विशाल एवं भव्य नवीन जिनालय का निर्माण कार्य चल रहा है। वर्तमान में तलहटी से 26 फीट की ऊंचाई लेकर 115 फीट लंबा और 74 फीट चौड़ा पाषाण की शिलाओं से फाउंडेशन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जिसपर बंशी पहाड़ के लाल पत्थर से 84 गुणा 60 फीट का तीन शिखर का भव्य जिनालय का निर्माण होना प्रस्तावित है। इसके साथ ही क्षेत्र पर अनेकों निर्माण कार्य पूर्णता की ओर हैं।

29 दिसंबर को होगा वार्षिक मेला एवं महामस्तकाभिषेक

विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सोमवार 29 दिसंबर को प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी संजय भैयाजी के निर्देशन में वार्षिक मेला एवं महामस्तकाभिषेक के पावन अवसर पर प्रातः श्री जिनेंद्र प्रभु का अभिषेक, शांतिधारा, नित्यमह पूजन, श्री शांतिनाथ विधान होगा। दोपहर 12 बजे श्री जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मूलनायक भगवान शांतिनाथ, कुंथनाथ, अरहनाथ भगवान का स्वर्ण कलशों से महामस्तकाभिषेक किया जाएगा। इस अवसर समाज की प्रतिभाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। भजन गायक और संगीतकार मनीष जैन एंड पार्टी मुरैना द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।

स्वयंसेवी संगठनों की रहेगी विशेष भूमिका

इस भव्य आयोजन में सहयोगी संस्थाओं के रूप में अतिशय मित्र मंडल जौरा, जैन मित्र मंडल मुरैना, जैन नवयुवक मंडल मुरार, यंग दिगम्बर जैन फाउंडेशन मुरैना, जिनेंद्र सेवा समूह मुरैना अपनी सेवाए प्रदान करेंगे। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए मुरेना, जौरा, अम्बाह, ग्वालियर सहित अनेकों स्थान पर बसों की व्यवस्था रखी गई है। क्षेत्र पर पधारे हुए सभी बंधुओं के आवास एवं चाय, नाश्ता, भोजनादि की समुचित व्यवस्था की गई है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page