अखिल भारतवर्षीय जैन महिला परिषद-तेलंगाना के तत्वावधान में मदीनागुड़ा स्थित माय होम ज्वेल परिसर में सरोवर झंकार कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन 9 नवंबर को किया गया। इस विशेष अवसर पर महिला परिषद प्रांतीय अधिवेशन, अलंकरण समारोह एवं संगीतमय जैन संध्या भी हुई। हैदराबाद से पढ़िए, राजेन्द्र महावीर जैन की यह रिपोर्ट…
हैदराबाद। अखिल भारतवर्षीय जैन महिला परिषद-तेलंगाना के तत्वावधान में मदीनागुड़ा स्थित माय होम ज्वेल परिसर में सरोवर झंकार कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन 9 नवंबर को किया गया। इस विशेष अवसर पर महिला परिषद प्रांतीय अधिवेशन, अलंकरण समारोह एवं संगीतमय जैन संध्या भी हुई। इसमें राजस्थान के सुप्रसिद्ध गायक अजीत जैन ने भक्तिरस एवं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। समारोह में मुख्य अतिथि तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि जैन समाज के मानवीय मूल्य, संस्कृति, सेवा और प्रेरक नेतृत्व समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं। परिषद द्वारा देशभर में हजारों से अधिक सदस्यों को सामाजिक सेवा से जोड़ना अनुकरणीय है। स्वच्छता, पोषण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और मानव सहयोग-ये सभी कार्य जैन समाज की पहचान हैं। भगवान महावीर का संदेश सिखाता है कि जहां अहिंसा है, वहां संघर्ष नहीं होता। सत्य, करुणा और एकता-यही जैन समाज के मूल मूल्य हैं।
संख्या में छोटा, लेकिन योगदान महान
संसद सदस्य कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी ने कहा कि जैन समाज भले ही संख्या में छोटा है, परंतु उसका योगदान राष्ट्र की आत्मा के समान महान है। जैन समाज सदैव अहिंसा, अनुशासन और सत्य के मूल्यों से समाज का मार्गदर्शन करता रहा है। महिला परिषद द्वारा समाज सेवा और संस्कारों के संरक्षण में किए जा रहे कार्य अत्यंत प्रशंसनीय हैं। समारोह में तेलंगाना राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, चेवल्ला से सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, तथा अपोलो हॉस्पिटल समूह की प्रबंध निदेशक संगीता रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में यह भी अतिथि रहे उपस्थित
जैन समाज के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व एवं विभिन्न ट्रस्टोंकृआगापुरा, कुलचराम, जीतो आदि के अध्यक्षगण, भाजपा नेता रवि यादव, कोयला एवं खनिज सलाहकार सुरेश शर्मा, लैंससॉफ्ट संस्थापक राजेंद्रप्रसाद शर्मा, आदर्श समूह संस्थापक राजेश अग्रवाल, नरेंद्र पहाड़े, महेंद्र काला, सुमेरचंद्र पंड्या, यशोदा अस्पताल के डॉ. जितेंद्र जैन, लायंस क्लब चेयरमैन एनएम राव, वैशाली नगर एसोसिएशन से डीवीएसएस शास्त्री, के. नारायण राव, वी सेशी प्रसाद, तथा माय होम ज्वेल एसोसिएशन से राजा, शिवा व सुधीर उपस्थित रहे।
इनका योगदान भी रहा सराहनीय
मुख्य अतिथियों का स्वागत परिषद की प्रांतीय अध्यक्ष शिल्पा नवनीत जैन द्वारा किया गया। डीजेसीएचसी परिवार के नन्हंे सदस्यों ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ् देकर अभिनंदन किया। संचालन संदर्भ सिंघई ने किया। परिषद की प्रीति जैन, कृष्णा जैन, अनुभा जैन, शुभा जैन, रेखा जैन, रीता जैन, प्रियंका जैन, रेनु शाह, श्वेता जैन, विनिता जैन, निकिता हिरावत, रचना जैन, प्रीति जैन, नीता जैन, दिव्यानी जैन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। केंद्रीय अध्यक्ष निर्मला जैन, केंद्रीय महामंत्री प्रभा जैन तथा केंद्रीय कोषाध्यक्ष सरला सामरिया का सहयोग भी सराहनीय रहा।
विभिन्न टीमों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रही सराहनीय
तेलंगाना महिला परिषद की शाखाओं-अपराजिता टीम (खम्मम), आगम टीम (निजामाबाद), सोहम टीम (गारला), अर्हम टीम (डोर्नेकाल), सरोवर टीम (हाईटेक सिटी)ने बैनर प्रेज़ेंटेशन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों द्वारा कार्यक्रम को जीवंत बनाया। कार्यक्रम का प्रारंभ मंगलाचरण और राष्ट्रीय गान से हुई। अजीत जैन की संगीतमय भक्ति एवं राष्ट्रगीतों की प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने वीडियो संदेश भी दिया।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए किया सम्मानित
समापन सत्र में मुख्य अतिथियों को मोमेंटो भेंट किए गए। परिषद की महिलाओं एवं परिषद से जुड़े परिवारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष शिल्पा जैन ने आभार व्यक्त किया। सरोवर झंकार कार्यक्रम संपूर्ण हैदराबाद जैन समाज की एकता, संस्कृति और नारी शक्ति को प्रदर्शित करने वाला अविस्मरणीय सिद्ध हुआ। इस अधिवेशन ने जैन परंपरा, सामाजिक सहयोग और सामुदायिक गौरव को एक पावन मंच पर संगठित रूप से प्रस्तुत किया।













Add Comment