गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जैन मिलन महिला शाखा जौरा द्वारा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना के साथ की गई। जौरा से पढ़िए, अजय जैन की यह खबर…
जौरा। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जैन मिलन महिला शाखा जौरा द्वारा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय तथा आंगनबाड़ी केंद्र में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना के साथ की गई। जिसके बाद विधिवत झंडा फहरा कर राष्ट्रगान गाया गया। वातावरण भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय एवं आंगनबाड़ी के बच्चों ने देशभक्ति से संबंधित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीत और प्रेरणादायी भाषण प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया और उनमें देश के प्रति प्रेम, सम्मान एवं कर्तव्यबोध की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। जैन मिलन महिला शाखा की पदाधिकारियों ने बच्चों को गणतंत्र दिवस का महत्व बताते हुए संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का विकास होना आवश्यक है, जिससे वे आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बन सकें। समापन पर सभी बच्चों को स्वल्पाहार वितरित किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जैन मिलन महिला शाखा जौरा की अध्यक्ष वीरांगना भावना जैन, सचिव वीरांगना मनीषा जैन एवं कोषाध्यक्ष वीरांगना सीमा जैन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।













Add Comment