भिण्ड में जैन मिलन अरिहंत के तत्वावधान में बरही मंदिर मेले में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 150 से अधिक मरीजों ने परीक्षण कराया और नि:शुल्क दवाइयाँ भी वितरित की गईं। समाज के लोगों ने इस पहल को सराहनीय और प्रेरणादायक बताया। पढ़िए सोनल जैन की रिपोर्ट…
भिण्ड। जैन मिलन अरिहंत भिण्ड के तत्वावधान में बरही मंदिर के वार्षिक मेले पर रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं परीक्षण का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य मेले में दूर-दराज से आए लोगों को स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना और उन्हें बीमारियों के प्रति जागरूक बनाना था। इस शिविर में 150 से अधिक मरीजों ने ब्लड प्रेशर, शुगर, बुजुर्गों और बच्चों की जांच करवाई। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को नि:शुल्क परामर्श दिया और दवाइयाँ भी वितरित की गईं।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पार्षद हेमू राहुल जैन, विशेष अतिथि डॉ. नितवरन सिंह भदौरिया और रामवीर सिंह चौहान (शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फूप) ने किया। इस अवसर पर पार्षद जैन ने कहा कि स्वस्थ समाज ही प्रगतिशील समाज की नींव है। नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता गंभीर बीमारियों से बचाव का बड़ा उपाय है।
बुजुर्गों को समय पर इलाज की सलाह भी दी
शिविर में बड़ी संख्या में मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीज पहुंचे। कई बुजुर्गों को समय पर इलाज की सलाह भी दी गई। शिविर के सफल संचालन में संस्था अध्यक्ष अजित जैन सोनू, मंत्री विकास जैन, कोषाध्यक्ष अमन जैन और पूरी टीम की अहम भूमिका रही। वहीं, राष्ट्रीय पदाधिकारी डॉ. एस.के. जैन, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अतीवीर सुनील जैन मेडिकल और उपमंत्री राकेश जैन बच्चू के मार्गदर्शन से यह आयोजन और भी प्रभावी हुआ।
जैन मिलन अरिहंत की पूरी टीम का सम्मान
जैन मिलन अरिहंत भिण्ड ने केवल स्वास्थ्य शिविर ही नहीं बल्कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु प्राचीन मंदिर से नवीन मंदिर तक निःशुल्क वाहन सेवा भी उपलब्ध कराई। साथ ही जुलूस और पंडाल व्यवस्था में भी सहयोग किया। इस सराहनीय पहल पर बरही मंदिर समिति ने जैन मिलन अरिहंत की पूरी टीम का सम्मान किया। समाज के लोगों ने इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की और इसे जनहित में अनुकरणीय कार्य बताया।













Add Comment