समाचार

जेएसी मुरैना जागृति ने जरूरतमंद बेटी की शादी में दिए उपहार: 24 घंटे में की उपहारों की व्यवस्था


समाजसेवी महिलाओं के सहयोग से एक जरूरतमंद परिवार की बिटिया की शादी सानंद हो पाई। महिलाओं के स्वयंसेवी संगठन जेएसी मुरैना जागृति ने इसमें भरपूर सहयोग किया। संगठन पदाधिकारियों और अन्य महिलाओं ने परिवार को उपहार और नकद राशि भेंट कर अपनी सहभागिता निभाई। मुरैना से पढ़िए, मनोज जैन नायक की यह खबर…


मुरैना। समाजसेवी महिलाओं के सहयोग से एक जरूरतमंद परिवार की बिटिया की शादी हर्षाेल्लास से हुई। महिलाओं के स्वयंसेवी संगठन जेएसी मुरैना जागृति ने एक बार फिर अपने सेवाभाव के संकल्प को पूरा करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बिटिया के ब्याह में सहयोग प्रदान किया है। संगठन की सदस्यों ने उसे घर-गृहस्थी में काम आने वाली तमाम चीजों के अलावा सूट, साड़ियां और नकद धनराशि जरूरतमंद परिवार को भेंट की। ज्ञात हो कि मुरैना नगर में निवासरत एक बेटी का ब्याह 25 अप्रैल को होना तय हुआ था लेकिन, उसके परिवार की माली हालत ऐसी नहीं थी कि वह बिटिया के विवाह के लिए जरूरी सामान जुटा सके। यह जानकारी जब जेएसी मुरैना जागृति की अध्यक्ष भावना जैन को मिली तो उन्होंने परिवार की मदद के लिए जेसीसी की मेम्बर्स का आह्वान किया। हालांकि समय कम था, फिर भी 24 घंटे में संगठन की सदस्यों ने बिटिया के लिए उपहारों का ढेर लगा दिया। किसी ने डायनिंग टेबल भेजी तो किसी ने गैस चूल्हा, सूटकेस, मिक्सर, कैसरोल, साड़ियां, सूट, पायल, बेडशीट, बर्तन आदि उपलब्ध कराए। इसके अलावा कुछ सदस्यों ने नकद धनराशि भी मुहैया कराई। गुरुवार की शाम अध्यक्ष भावना जैन के निज निवास पर ये तमाम उपहार बिटिया और उसके परिवार के सुपुर्द किए गए। इस अवसर पर संगठन की वाइस प्रेसिडेंट ज्योति मोदी और ललिता गोयल भी मौजूद रहीं। कम समय में ढेर सारे उपहार पाकर बिटिया और उसकी मां के चेहरे पर संतोष था।

बड़ी बेटी के ब्याह में भी किया था सहयोग

जेएसी मुरैना जागृति की सदस्यों ने इसी परिवार की बड़ी बेटी के ब्याह में भी सहयोग किया था। लगभग दो वर्ष पूर्व जब उसकी शादी हुई तो सेवाभावी महिलाओं ने 75 हजार रुपए नकदी के अलावा तमाम उपहार भेंट किये थे। इसके अलावा भी संगठन की सदस्य समय-समय पर गरीब परिवार की बेटियों के विवाह में यथासंभव सहयोग करती रही हैं। अध्यक्ष भावना जैन का कहना है कि मानव सेवाबसे मन को शांति मिलती है। यदि समाज में आपकी छवि एक समाजसेवी की है तो जो वाकई जरूरतमंद है। उसकी मदद करने के लिए सदैव प्रयासरत रहना चाहिए। किसी का सहयोग करना आत्मीय खुशी देने वाला होता है।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page