समाचार

बागपत की घटना को इंदौर दिगंबर जैन समाज ने अत्यंत दुःखद बतायाः घटनास्थल पर उपस्थित रहकर प्रशासन के सहयोग की अपील


बागपत जिले के बड़ौत में निर्वाण महोत्सव के दौरान हुई घटना को श्रीफल जैन न्यूज और इंदौर दिगंबर जैन समाज ने अत्यंत दुःखद बताया है। उन्होंने समाजसेवी संगठनों और बागपत के नागरिकों से अपील की है कि वे वहां इस संकट के समय में पीड़ितों की सहायता करें। जैन समाज ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही प्रशासन का सहयोग करने का सुझाव दिया है। पढ़िए इंदौर से श्रीफल जैन न्यूज के उप संपादक प्रीतम लखवाल की यह खबर…


इंदौर। बागपत जिले के बड़ौत में मंगलवार को हुई यह हृदयविदारक घटना अत्यंत दुःखद है। जिसमें श्री दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज परिसर में श्री दिगंबर जैन आदिनाथ मानस्तंभ में अभिषेक के लिए बनाई गई अस्थायी सीढ़ियां गिरने से 75 श्रद्धालु घायल हो गए और 7 लोगों की मृत्यु हो गई। यह घटना दिगंबर जैन समाज के लिए असहनीय है। श्रीफल जैन न्यूज ने सभी जैन समाज से अपील की है कि ऐसे दुःखद क्षण में सकल जैन समाज का कर्तव्य है कि इस विषम घड़ी में घायलों और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं रखें। संकट की घड़ी में मानव सेवा के प्रकल्पों को निभाते हुए उनकी सहायता करें।

समाजसेवी घटनास्थल पर सहायता करें

श्रीफल जैन न्यूज परिवार ने बागपत नगर के सभी प्रबुद्ध नागरिकों और समाजसेवी संस्थाओं से निवेदन किया है कि वे अपनी पूर्ण सहायता और सहयोग प्रदान करें। ग्रेटर बाबा नवग्रह जिनालय अतिशय क्षेत्र के अध्यक्ष नरेंद्र वेद ने कहा कि बागपत के जैन समाज को इस घड़ी में घटना स्थल पर पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है

दिगंबर जैन समाज के नकुल पाटोदी, अमित कासलीवाल, टी.के वेद ने अपील की है कि संवेदनशीलता बनाए रखें। कृपया सोशल मीडिया पर कोई भी असंवेदनशील या अनुचित टिप्पणी करने से बचें। इस घटना को मात्र एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के रूप में लें और शांति बनाए रखें।

घायलों की पहचान और सहायता में मदद करें

जैन धर्म तीर्थ यात्रा परिवार, समाजसेवी संस्थाओं से अनुरोध है कि वे अस्पतालों में घायलों की जानकारी और तस्वीरें साझा करें। जिससे उनके परिजन शीघ्रता से उनकी सहायता के लिए पहुंच सकें। जैन समाज के सभी सदस्य घटनास्थल पर उपस्थित रहकर प्रशासन का सहयोग करें और राहत कार्यों में मदद करें। यह घटना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान सभी घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें और दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। इस कठिन समय में हमें एकजुट होकर सहानुभूति और धैर्य के साथ इस स्थिति का सामना करना होगा।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
2
+1
1
+1
1
Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page