समाचार

भगवान महीवार जन्मकल्याणक महोत्सव : विशाल शोभायात्रा और जल यात्रा जुलूस निकाला


श्री महावीर जी में सोमवार को भगवान महावीर का जन्मोत्सव भक्तिभाव और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रात:काल श्री जी का अभिषेक मुनि 108 चिन्मयानंद सागर महाराज के सानिध्य में पंडित मुकेश जैन शास्त्री द्वारा शांति धारा मंत्रोच्चारण व विधि विधान के साथ किया गया। अब मंगलवार से अन्य कार्यक्रम शुरू होंगे। पढ़िए ये विशेष रिपोर्ट…


श्री महावीर जी।श्री महावीरजी में सोमवार को महावीर जयंती बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। प्रात:काल श्री जी का अभिषेक मुनि 108 चिन्मयानंद सागर महाराज के सानिध्य में पंडित मुकेश जैन शास्त्री द्वारा शांतिधारा मंत्रोच्चारण व विधि विधान के साथ किया गया। प्रातः 6:00 बजे कटला प्रांगण से दिगंबर जैन आदर्श महिला महाविद्यालय की छात्राओं व शांति नगर गुरुकुल के छात्रों द्वारा जैन धर्म का जयघोष करते हुए और केसरिया ध्वज लहराते हुए अहिंसा परमो धर्म के नारे लगाते हुए प्रभात फेरी निकाली। जुलूस मेन मार्केट होते हुए मुख्य मंदिर पहुंचा, जहां 7:30 बजे कटला प्रांगण में झंडारोहण किया गया। कटला प्रांगण से प्रातः 8:30 बजे जल यात्रा जुलूस बैंड बाजों के साथ निकाला गया, जिसमें आगे-आगे केसरिया ध्वज लहराते हुए छात्राएं चल रही थीं एवं चंदनबाला महिला मंडल व सृष्टि महिला मंडल आदि जैन समाज के गणमान्य लोगों द्वारा गाजे-बाजे के साथ विश्व वंदनीय शासन नायक “जियो और जीने दो” का संदेश देने वाले भगवान महावीर शोभायात्रा निकली। इस अवसर पर जय महावीर का जयघोष गुंजायमान हो उठा, अहिंसा परमो धर्म, भगवान महावीर स्वामी के जयकारों व जैन धर्म की जयकारे से चारों तरफ का वातावरण भक्ति में हो उठा।

झुलाया महावीर स्वामी का पालना

जल यात्रा जुलूस मुख्य मंदिर कटला प्रांगण से मेन मार्केट होते हुए बगीची पहुंचा, जहां श्रीजी के कलशों की बोली लगाई गई। तत्पश्चात जल यात्रा जुलूस मुख्य मंदिर पहुंचा। 10:30 बजे श्री दिगंबर जैन आदर्श महिला महाविद्यालय की छात्राओं एवं शांति नगर गुरुकुल के छात्रों को मोदक वितरित किए गए। कटला पश्चिमी पांडाल में श्री वीर संगीत मंडल जयपुर के द्वारा भक्ति संध्या के साथ सामूहिक पूजन की गई। दोपहर 3:00 भगवान महावीर स्वामी का पालना झूलाया गया। इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं भक्ति संध्या में झूम उठे एवं श्री महावीरजी में आकर भगवान महावीर स्वामी का पालना झूला कर सौभाग्य प्राप्त किया।
दोपहर बाद 3:30 बजे कटला पश्चिमी पांडाल में श्री जी का कलशाभिषेक किया गया।

जिला कलक्टर पहुंचे

दोपहर बाद 4:00 बजे मुख्य अतिथि द्वारा जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक आई.पी.एस. नारायण टोंगस का मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल व मानद मंत्री महेंद्र कुमार पाटनी, संयुक्त मंत्री उमरावमल संघी ने माला पहना कर तिलक लगाकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने प्रदर्शनी का फीता काटकर दीप प्रज्वलन कर उद्घाटन व प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी प्रांगण पर दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, कृत्रिम पैर, बैसाखी, कैलीपर्स तथा असमर्थ एवं विधवा महिलाओं को हाथ की सिलाई मशीनें वितरित की गईं। कलेक्टर ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी की रथ यात्रा 7 तारीख को शांति पूर्वक निकाली जायेगी, ज्यादा से ज्यादा संख्या मे रथ यात्रा में पधारें, जिसमें प्रशासन व्यवस्था पूर्ण रुप से सहयोगी रहेगा।

सामूहिक आरती हुई

सायंकाल 7:00 बजे कटला पश्चिमी पांडाल में महावीर स्वामी की 108 दीपकों के साथ भक्तिमय सामूहिक आरती की गई, तत्पश्चात कटला पूर्वी पांडाल में शास्त्र प्रवचन किए गए। इस अवसर पर अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल, मंत्री महेंद्र कुमार पाटनी, संयुक्त मंत्री उमरावमल संघी, योगेश टोडरका, प्रदीप ठोलिया, ताराचंद, राजेंद्र बाकलीवाल, सुरेश मौच, दलपति निर्मल पाटनी, व वीर सेवक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

मंगलवार से शुरू होंगे अन्य कार्यक्रम

प्रचार संयोजक विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि सायं 7:30 कटला प्रांगण में दिगंबर जैन आदर्श महिला महाविद्यालय की ओर से छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी एवं रात्रि 8:00 बजे सांस्कृतिक मंच पर पर्यटन कला एवं संस्कृति विभाग राजस्थान द्वारा राजस्थानी सांस्कृतिक संध्या की रंगारंग कार्यक्रम किये जाएंगे। अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल एवं मानद् मंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी ने बताया कि मंगलवार, 04 अप्रैल को वर्धमान विधान, सामूहिक पूजा, सामूहिक आरती, शास्त्र प्रवचन के बाद दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप संगिनी फारम एवर जयपुर द्वारा कटला पूर्वी पाण्डाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसी दिन सांस्कृतिक मंच पर रंगशाला एकेडमी इन्दौर द्वारा साधना मादावत महानाट्य प्रस्तुति दी जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

बुधवार, 05 अप्रैल को पूजन, भजन, सामूहिक आरती व शास्त्र प्रवचन के बाद रात्रि में कटला पूर्वी पाण्डाल में महिला जागृति संघ जयपुर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। सांस्कृतिक मंच पर वीणा कैसेट्स जयपुर द्वारा राजस्थानी लोक नृत्य व लोकगीत कार्यक्रम गोरबंद की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी।
प्रचार प्रसार मुख्य संयोजक सुरेश सबलावत के अनुसार गुरुवार 06 अप्रैल को श्री वीर संगीत मण्डल जयपुर के सहयोग से सामूहिक पूजा की जाएगी। अपराह्न 4.00 बजे उप जिला कलेक्टर एवं प्रबंधकारिणी कमेटी के अध्यक्ष द्वारा मेला निरीक्षण किया जाएगा। सायंकाल सामूहिक आरती के बाद श्री दिगम्बर जैन महिला महासमिति सांगानेर सम्भाग द्वारा कटला पूर्वी पाण्डाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। सांस्कृतिक मंच पर रात्रि 8.00 बजे से राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का विशाल आयोजन किया जाएगा। जिसमें देश के प्रख्यात कवि अपनी कविताओं के माध्यम से भगवान महावीर के गुणगान करेंगे।

निकलेगी रथयात्रा

प्रचार संयोजक विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि शुक्रवार 07 अप्रैल को दोपहर में मंदिर प्रांगण से विशाल रथयात्रा निकलेगी जो नदी तट पर जावेगी जहां श्री जी के कलशाभिषेक होंगे। विश्व प्रसिद्ध इस रथयात्रा में साम्प्रदायिक सौहार्द दर्शाते हुए जैन,मीणा गुर्जर सहित सभी जातियों के श्रद्धालु गण बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

ग्रामीण खेलकूद भी होंगे

शनिवार 08 अप्रैल को नदी तट पर ग्रामीण खेलकूद एवं कुश्ती-दंगल के बाद मेले का समापन होगा। अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल एवं मंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी ने बताया कि वार्षिक मेले की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। मेले में जैन-अजैन सभी लाखों की संख्या में श्रद्धालुगण शामिल होंगे। गम्भीर नदी में मेले के लिए पाचना बांध से पानी छोड़ दिया गया।

17 समितियां बनीं

मेले के सफल आयोजन के लिए 17 समितियां बनाई गई हैं। पांडाल, डेरा, छोलदारी व्यवस्था के चन्द्र प्रकाश जैन पहाड़ियां, विद्युत व्यवस्था के लिए प्रदीप कुमार जैन व नवीन बिल्टीवाला प्रदर्शनी व्यवस्था के लिए सुधीर कासलीवाल ,आयुष कासलीवाल व संजय जैन, सांस्कृतिक कार्यक्रम व ग्रामीण खेलकूद के लिए मानद् मंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी, कवि सम्मेलन के लिए विवेक काला, प्रकाशन व्यवस्था के लिए महेन्द्र कुमार पाटनी, भोजन व्यवस्था के लिए उमराव मल संघी तथा पूनमचंद बैनाडा, प्रचार प्रसार के लिए सुरेश सबलावत तथा विनोद जैन ‘कोटखावदा’को, स्वास्थ्य चिकित्सा के लिए रुपिन काला,डॉ ज्ञान चन्द सोगानी, आवास के लिए प्रदीप कुमार जैन, सफाई व सौन्दर्यीकरण के लिए पदम कुमार जैन, दिव्यांग एवं असमर्थ सहायता शिविर के लिए अनिल पाटनी दीवान, जल व्यवस्था के लिए अनिल दीवान एवं देवेन्द्र मोहन कासलीवाल, यातायात व सुरक्षा व्यवस्था के लिए शांति कुमार जैन, अनिल जैन एवं राजेश चौधरी को तथा वर्धमान विधान चौबीसी के लिए चन्द्र प्रकाश पहाड़ियां को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आई टी व्यवस्था अभिषेक छाबड़ा, अशोक पाटनी, स्वयं सेवक व्यवस्था महेश काला तथा भानू कुमार छाबड़ा देखेंगे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page