ललितपुर के तालाबपुरा स्थित श्री दिगंबर जैन सुधा सागर कन्या इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत बारहवीं की छात्रा हिमांशी रिछारिया को एक दिन की प्रधानाचार्या और मानवी साहू को उप-प्रधानाचार्या बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना था। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
ललितपुर। मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत शहर के तालाबपुरा स्थित श्री दिगंबर जैन सुधा सागर कन्या इंटर कॉलेज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 12वीं की छात्रा कु. हिमांशी रिछारिया को एक दिन की प्रधानाचार्या एवं कु. मानवी साहू को उप प्रधानाचार्या की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या कल्पना जैन ने प्रतीकात्मक रूप से हिमांशी रिछारिया को कार्यभार सौंपते हुए नेतृत्व का महत्व समझाया। एक दिन की प्रधानाचार्या बनी हिमांशी रिछारिया ने उपस्थिति पंजिका, विद्यालय अभिलेखों की समीक्षा की, कक्षाओं का निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद भी किया।
हिमांशी रिछारिया और मानवी साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “यह हमारे जीवन का प्रेरणादायी क्षण है। हमें गर्व है कि हमें यह जिम्मेदारी दी गई। इससे हमें नेतृत्व, अनुशासन और शिक्षा का महत्व समझने का अवसर मिला।” हिमांशी ने आगे कहा कि “मैं भविष्य में शिक्षिका बनकर बच्चों को शिक्षा और संस्कारों का मार्ग दिखाऊंगी।”
मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी और सुरक्षा संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर कल्पना जैन, पुष्पा जैन, रजनी सक्सेना, मीना जैन, सोनम जैन, सुषमा जैन सहित विद्यालय का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित रहा।













Add Comment