गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दशलक्षण महापर्व के तीसरे दिन श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और भक्ति भाव से धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न किए। विशेष लक्षण आज उत्तम आर्जव धर्म रहा। बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता ने कार्यक्रम को और रंगीन बना दिया। पढ़िए शुभम जैन की ख़ास रिपोर्ट…
आगरा के गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दशलक्षण महापर्व के तीसरे दिन बड़े हर्षोल्लास एवं भक्ति भाव से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। प्रातः भगवान जिनेंद्र देव का मंगल अभिषेक एवं शांतिधारा हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने मिलकर पूजा की। आज का विशेष लक्षण उत्तम आर्जव धर्म था। पंडित रविंद्र जैन ने बताया कि आर्जव का अर्थ है मन, वचन और कार्य में सरलता एवं निष्कपटता।
सौरभ सागर महिला मंडल द्वारा संध्या काल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने भगवान महावीर, तीर्थंकर, साधु-साध्वियों, देवी-देवताओं और धार्मिक पात्रों का सुंदर चित्रण प्रस्तुत किया। उनके जोश और आत्मविश्वास ने उपस्थित श्रद्धालुओं का हृदय प्रसन्न कर दिया।
प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट
मंदिर व्यवस्थापक समिति के पदाधिकारियों ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। सभी ने बच्चों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में धार्मिक संस्कार और संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ता है। इस अवसर पर सुभाष जैन, नरेश जैन, राकेश जैन, पार्षद वीरेंद्र जैन, रविंद्र जैन, संजीव जैन, सुशीला जैन, कुसुम जैन, अल्पना जैन, सुनीता जैन, शशि जैन, मिथिलेश जैन सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।













Add Comment