समाचार

महावीर स्वामी जन्मकल्याणक पर निकली भव्य शोभायात्रा : भगवान महावीर ने रथ पर सवार होकर किया नगर भ्रमण


भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर बड़े जैन मंदिर में परम पूज्य गणिनी आर्यिका अंतसमति माताजी के पावन सान्निध्य में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पढ़िए मनोज नायक की विशेष रिपोर्ट…


मुरैना। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर बड़े जैन मंदिर में परम पूज्य गणिनी आर्यिका अंतसमति माताजी के पावन सान्निध्य में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रतिष्ठाचार्य पवन शास्त्री दीवान ने जैसे ही भगवान महावीर के जन्म की घोषणा की तब चहुंओर खुशियां छा गईं और सभी ने हर्ष ध्वनि के साथ घंटे-घड़ियाल एवं तालियां बजाकर, भगवान की जय-जयकार करते हुए खुशियां मनाईं।

निकाली गई भव्य शोभायात्रा

भगवान महावीर के जन्म की घोषणा के साथ ही बालक रूप तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की विशाल एवं भव्य रथयात्रा निकाली गई। भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा को सौधर्म इंद्र रूप में सुनील जैन (तार वाले) लेकर रथ में सवार हुए। साथ में पंकज जैन (मेडिकल), राहुल शैंकी जैन (अझेड़ा), नवीन जैन (चैटा), आयुष जैन (ठेकेदार) इंद्र रूप में भगवान महावीर पर चंवर ढुरा रहे थे। इसके साथ ही जवाहर लाल बरैया एवं पदमचंद जैन (चैटा वाले) खवासी के रूप में रथ पर सवार हुए। श्री अग्रसेन पार्क में के एस मिल के डायरेक्टर रमेश गर्ग के नेतृत्व में अग्रवाल महासभा के सर्वश्री अनिल गोयल अल्ली, गिर्राज अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, सुधीर गोयल, अनिल मंगल सहित सैकड़ों अग्र बन्धुओं एवं महिलाओं ने भगवान महावीर चल समारोह में आरती करते हुए जैन समाज बन्धुओं की भव्य अगवानी की। मुरैना विधायक राकेश मावई के भ्राता रविन्द्र मावई ने महावीर भगवान की आरती करते हुए रथयात्रा की अगवानी की। बड़ा जैन मंदिर से रथयात्रा प्रारम्भ होकर गोपीनाथ की पुलिया, गर्ल्स स्कूल रोड, जीवाजी गंज, सूबात रोड, पुल तिराहा, हनुमान चौराहा, स्टेशन रोड, शंकर बाजार, सदर बाजार, लोहिया बाजार होती हुई बड़ा जैन मंदिर पहुंची। स्थान-स्थान पर भगवान महावीर स्वामी की आरती उतारकर अगवानी की गई। भगवान महावीर शोभायात्रा में सात झाकियां, 5 घोड़े एवं 5 बग्घियां, दो बैंड एवं ढोल-तांसे आदि चल रहे थे। युवा साथी एवं बालिकाएं जैन भजनों पर भक्ति नृत्य कर रहे थे। चल समारोह में सभी महिलाएं अपने-अपने मंडल के विशेष परिधान में एवं पुरुष सफेद वस्त्र, सिर पर टोपी और गले में पचरंगी पट्टिका पहने हुये चल रहे थे। अनेकों स्थान पर मिष्ठान, ठंडाई, फल एवं शीतल पेय का वितरण किया गया।

किया गया जलाभिषेक

चल समारोह के बड़ा जैन मंदिर पहुचने पर पांडुक शिला पर तीर्थंकर भगवान महावीर का जलाभिषेक किया गया। प्रथम शांतिधारा करने का सौभाग्य रविन्द्र जैन (गौसपुर बाले) को प्राप्त हुआ। पूज्य गणिनी आर्यिका श्री अंतसमति माताजी ने अपने सारगर्वित प्रवचनों के माध्यम से भगवान महावीर के जीवन परिचय से अवगत कराते हुए सभी को शुभाशीष प्रदान किया। शाम को आरती, शास्त्रसभा के पश्चात कुण्डलपुर उत्सव मनाया गया। बालिकाओं ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत किये। बालक महावीर का पालना झुलाया गया। माता-बहिनों ने बधाइयां गाकर खुशियां मनाई। विभिन्न कार्यक्रमों के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम में मंच कलाकार संजय एंड पार्टी भोपाल एवं संगीतकार किशोर एंड पार्टी भोपाल रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
6
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page