नादौन के स्थानकवासी जैन समाज द्वारा पाँच अक्टूबर 2025 को प्रथम बार भव्य आगम यात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
नादौन। स्थानकवासी जैन समाज नादौन द्वारा 5 अक्टूबर 2025 को पहली बार भव्य आगम यात्रा का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर समाज के सैकड़ों श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्म, आस्था और ज्ञान का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया।
यात्रा की विशेषता यह रही कि 32 श्रद्धालु जोड़ों ने प्रत्येक आगम ग्रंथ को अपने हाथों में श्रद्धा से धारण कर यात्रा में सहभागिता की। सम्पूर्ण वातावरण “जय जिनेन्द्र”, “अहिंसा परमो धर्मः” और “जियो और जीने दो” के नारों से गूंज उठा।
सुबह यात्रा का प्रारंभ श्री रमेश जैन जी के निवास से मंगलाचार और प्रभु वंदना के साथ हुआ। समाज के युवा हाथों में धर्मध्वजा और शांति संदेश के बैनर लेकर चल रहे थे, जबकि सुश्री श्रेया जैन शासन माता की भूमिका में सबसे आगे रहीं। युवक-युवतियां उत्तराध्ययन सूत्र के 36 अध्यायों की पट्टिकाएं लेकर आगे बढ़े।
यात्रा का समापन जैन स्थानक में प्रवचन और मंगलपाठ के साथ हुआ। इस अवसर पर श्रमण संघीय सलाहकार पूज्य गुरुदेव श्री दिनेश मुनि जी, प्रज्ञामूर्ति श्री द्वीपेंद्र मुनि जी और प्रखर वक्ता श्री पुष्पेंद्र जी ने आगमों के महत्व, जैन दर्शन के मूल सिद्धांतों और वर्तमान युग में अहिंसा व सत्य की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में समाज के महामंत्री श्री मनोज जैन ने सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में सहयोग की अपील की। अंत में प्रधान श्री रमेश जैन जी के परिवार की ओर से गौतम प्रसादी का आयोजन किया गया। इस भव्य आगम यात्रा की सफलता में युवक मंडल, युवती मंडल, महिला मंडल एवं संपूर्ण समाज का विशेष योगदान रहा।













Add Comment