मेडीटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में बुधवार को आगरा के बरौली अहीर स्थित आर.पी. जैन कृषि फार्म हाउस, बगदा में श्री चंद्रप्रभु जिनविंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं चौबीसी महामहोत्सव के दूसरे दिन गर्भ कल्याणक उत्तरा रूप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व सुबह 6:00 बजे जाप अनुष्ठान एवं श्रीजी के जिन अभिषेक और शांतिधारा की गई। पढ़िए शुभम जैन की रिपोर्ट…
आगरा। मेडीटेशन गुरु उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में बुधवार को आगरा के बरौली अहीर स्थित आर.पी. जैन कृषि फार्म हाउस, बगदा में श्री चंद्रप्रभु जिनविंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं चौबीसी महामहोत्सव के दूसरे दिन गर्भ कल्याणक उत्तरा रूप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व सुबह 6:00 बजे जाप अनुष्ठान एवं श्रीजी के जिन अभिषेक और शांतिधारा की गई। इंद्र-इंद्राणियों ने विधानाचार्य डॉ. अभिषेक जैन और विधानाचार्य ऋषभ जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में गर्भ कल्याणक उत्तरारूप की पूजा एवं हवन संपन्न किया।
राकेश जैन और पवन जैन द्वारा समाधिस्थ आचार्य श्री विराग सागर जी महाराज और भगवान चंद्रप्रभु के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्वलन किया गया। उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज ने मंगल प्रवचन देते हुए गर्भ कल्याणक उत्तरारूप के महत्व को समझाया। दोपहर 2:00 बजे माता सुलक्षणा की गोदभराई की गई। गोदभराई के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने नारियल, काजू, बादाम, किशमिश और वस्त्र भेंट किए। इसके बाद सायं 4:00 बजे उपाध्याय श्री विहसंत सागर जी महाराज के सानिध्य और विधानाचार्य ऋषभ जैन शास्त्री के निर्देशन में महिलाओं ने घटयात्रा निकाली।
तत्पश्चात मंदिर की प्रतिष्ठा मंडप एवं नवीन वेदिका शिखर कलश शुद्धि संस्कार विधि की मांगलिक क्रियाएँ संपन्न की गईं। संध्या काल 7:00 बजे संगीतमय श्रीजी की मंगल आरती की गई। मंगल आरती के बाद गर्भ कल्याणक के उत्तर रूप में महाराजा चंद्रसेन का दरबार और मां सुलक्षणा देवी का आगमन हुआ। अष्ट देवियों ने मां सुलक्षणा देवी की सेवा की और 56 कुमारियों द्वारा भेंटें अर्पित की गईं। आधी रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में भक्ति पूर्ण नाटक एवं अन्य कलाकृतियां नाट्य कलाकार चक्रेश जैन और सोना जैन के निर्देशन में प्रस्तुत की गईं।
ये भी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अनंत कुमार जैन ने किया। इस अवसर पर सुधीर कुमार जैन, प्रदीप जैन, मनोज जैन, अनंत कुमार जैन, जिनेंद्र जैन, मनोज जैन बल्लो, सुबोध जैन, सचिन जैन, विशाल जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, राहुल जैन, सुनीता जैन, नीलम जैन, नगीना जैन सहित बगदा और राहुल विहार के समस्त लोग तथा आगरा सकल दिगंबर जैन समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि पंचकल्याणक महोत्सव के तीसरे दिन 14 नवंबर को जन्म कल्याणक महोत्सव प्रातः 7:00 बजे से मनाया जाएगा।













Add Comment