समाचार

हर मास एक उपवास ही सभी बीमारियों का है इलाज : आचार्यश्री प्रसन्नसागर जी ने आत्मबल को बताया श्रेष्ठ      


हर मास एक उपवास ही सभी बीमारियों का इलाज है। यह बात आचार्यश्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने शनिवार को ईपी सेंट्रल लॉन में एक मास-एक उपवास कार्यक्रम में कही। जयपुर से पढ़िए, उदयभान जैन की यह रिपोर्ट…


 जयपुर। हर मास एक उपवास ही सभी बीमारियों का इलाज है। यह बात आचार्यश्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने शनिवार को ईपी सेंट्रल लॉन में एक मास-एक उपवास कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि दुनिया में लगभग हर धर्म और संस्कृति में उपवास को ईश्वर से जुड़ने और आत्म नियंत्रण पाने का एक सशक्त माध्यम माना गया है। हमारी इंद्रियां अक्सर बाहरी सुखों और स्वाद की ओर भागती हैं। उपवास के माध्यम से हम अपनी सबसे प्रबल इच्छा भूख पर विजय प्राप्त करना सीखते हैं। जब हम भूख पर नियंत्रण कर लेते हैं तो मन में एक अद्भुत आत्म शक्ति (विल पावर) का संचार होता है।

खुद स्वाध्याय करो, पढ़ो समझो 

मंगलाचरण के साथ धर्मसभा का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्वलन उप मुख्यमंत्री डॉ.प्रेमचंद बैरवा, हूमड परिवार ने किया। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल हरिभाव किसनराव बागडे ने की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि थे। उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धनसिंह राठौड़, विशिष्ट अतिथि थे। इस मौके पर मुनि श्री सहज सागर जी महाराज ने एक मास एक उपवास कार्यक्रम में धर्मसभा में कहा कि धर्म का मर्म समझो। अभी धर्म के नाम पर हम अपने को धोखा दे रहे हैं। मुनि श्री ने कहा कि खुद स्वाध्याय करो, पढ़ो समझो और विकृतियों को छोड़ो। मानव पर्याय मिला जो अमूल्य है, जैन कुल मिला सब कुशलता है। खूब पुण्य बंध करो। एक मास में एक उपवास जरूर जरूर करो अपने स्वास्थ्य के साथ अपने कुल, अपनी आत्मा को शुद्ध करो ये ही मंगल आशीर्वाद है।

कैलाश छाबडा समाज सारथी की उपाधि से सम्मानित आचार्यश्री प्रसन्न सागरजी महाराज ने जयपुर प्रवास समिति जयपुर के तत्वावधान में 7 दिवसीय चारित्र शुद्धि महामंडल विधान की सफलता के लिए अध्यक्ष सुभाषचंद जैन, महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा एवं कोषाध्यक्ष कैलाशचंद छाबड़ा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आचार्य श्री प्रसन्न सागर जी ने आशीर्वाद प्रदान करते हुए हर मास एक उपवास कार्यक्रम के सफलता के तहत गुरु भक्त कैलाश छाबडा महारानी फार्म जयपुर को समाज सारथी की उपाधि से सम्मानित किया। साथ ही हर मास-एक उपवास की पूरी टीम को भी आशीर्वाद प्रदान किया। संचालन तरुण भैया ने किया।

प्रासंगिक कवि सम्मेलन किया 

अंतर्मना धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास तथा पतंजलि योग पीठ हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को जयपुर के एंटरटेनमेंट पैराडाइज सेंट्रल लॉन में ‘हर माह एक उपवास’ कार्यक्रम का द्वितीय सामूहिक उपवास एवं प्रासंगिक कवि सम्मेलन किया गया। इस मौके पर बडी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जिनवाणी स्तुति से समापन हुआ। यह आयोजन आचार्यश्री प्रसन्न सागरजी एवं बाबा रामदेव की पावन प्रेरणा से किया गया।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

You cannot copy content of this page