दिगंबर जैन सोशल ग्रुप परिवार द्वारा नववर्ष मिलन एवं ग्रुप के वरिष्ठ समाजसेवी सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार रात्रि को परेड चौराहा स्थित जैन मंदिर परिसर में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अंबाह से पढ़िए, अजय जैन की यह खबर…
अंबाह। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप परिवार द्वारा नववर्ष मिलन एवं ग्रुप के वरिष्ठ समाजसेवी सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार रात्रि को परेड चौराहा स्थित जैन मंदिर परिसर में अत्यंत गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में समाज सेवा, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं मार्गदर्शन के क्षेत्र में वर्षों से उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठजनों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। समारोह में समाज के प्रबुद्धजन, ग्रुप पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य नववर्ष के अवसर पर सामाजिक सौहार्द, संगठनात्मक एकता और वरिष्ठ मार्गदर्शकों के अनुभवों को सम्मान प्रदान करना रहा। आयोजन के दौरान मंच से यह संदेश स्पष्ट रूप से उभरा कि किसी भी सामाजिक संगठन की मजबूती उसके वरिष्ठजनों के अनुभव, संस्कार और समर्पण पर ही आधारित होती है।
वरिष्ठ समाजसेवियों का हुआ गरिमामय सम्मान
समारोह में अशोक कुमार जैन (एडवोकेट – परम संरक्षक), नरेशचंद जैन (शिक्षक – संरक्षक), महेशचंद जैन (एमपीईबी – संरक्षक), संजीव कुमार जैन पांडे (संरक्षक), विजय कुमार जैन (दिहोली वाले), राकेश कुमार जैन, सुशील जैन (संस्थापक अध्यक्ष), ओ.पी. जैन (पूर्व अध्यक्ष), पवन कुमार जैन (छोटू चाचाजी), अजय कुमार जैन (बबलू), सुनहरी लाल जैन, मुकेश कुमार जैन (शास्त्री), मुन्ना लाल जैन, महेंद्र कुमार जैन पांडे, सगुनचंद जैन (ऐसाह वाले), वीरेंद्र कुमार जैन (वीरों चाचाजी), पूरनचंद जैन (बरबाई वाले), आनंद कुमार जैन (टकसारी) एवं प्रकाशचंद जैन (रिठोना वाले) को मंच पर आमंत्रित कर शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वरिष्ठजनों के चेहरे पर आत्मीयता और संतोष का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।
वरिष्ठजन समाज की प्रेरणा शक्ति
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष अमित जैन टकसारी एवं महामंत्री कुलदीप जैन ने कहा कि वरिष्ठ समाजसेवी किसी भी संगठन की वैचारिक धुरी होते हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही युवा पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप अंबाह ने स्थापना काल से ही सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता को अपनी मूल भावना बनाया है, जिसका सकारात्मक प्रभाव समाज में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
इस अवसर पर संरक्षक महेशचंद जैन (एमपीईबी) ने कहा—
“दिगंबर जैन सोशल ग्रुप केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की जीवंत पाठशाला है। वरिष्ठजनों के सम्मान के माध्यम से युवाओं को यह प्रेरणा मिलती है कि समाज की उन्नति अनुभव और नवाचार के संतुलन से ही संभव है। नववर्ष पूर्व पर इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता को और मजबूत करते हैं।”
पदाधिकारियों की रही उल्लेखनीय भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष अमित जैन टकसारी, महामंत्री कुलदीप जैन, कोषाध्यक्ष विकास जैन सहित संतोष जैन, सुशील जैन, कपिल जैन, आकाश जैन, श्रेयांस जैन, लबली जैन, मनीष जैन एवं अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। सभी ने व्यवस्थाओं से लेकर अतिथियों के स्वागत-सत्कार तक जिम्मेदारियों का कुशल निर्वहन किया।
अध्यक्ष अमित जैन टकसारी ने कहा कि ग्रुप द्वारा आने वाले समय में भी समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं धार्मिक गतिविधियों को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा। महामंत्री कुलदीप जैन ने सभी अतिथियों, वरिष्ठजनों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठों का आशीर्वाद संगठन के लिए ऊर्जा और मार्गदर्शन का स्रोत है।













Add Comment