समाचार

धार्मिक आयोजन :  सातवें तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया, चढ़ाया निर्वाण लाडू


सातवें तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक तथा आठवें तीर्थंकर भगवान चन्द्र प्रभू का ज्ञान कल्याणक महोत्सव के अवसर पर जयपुर के विभिन्न जैन मंदिरों में हुए कई आयोजन


जयपुर। सातवें तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक तथा आठवें तीर्थंकर भगवान चन्द्रप्रभु का ज्ञान कल्याणक महोत्सव सोमवार को भक्तिभाव से मनाया गया। इस मौके पर भगवान सुपार्श्वनाथ का निर्वाणोत्सव मनाया जाकर निर्वाण लाडू चढाया गया।

की गयी शांतिधारा
इस मौके पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन किये गये। अखिल भारतीय दिगम्बर जैन परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि प्रातः भगवान सुपार्श्वनाथ एवं चन्द्रप्रभु के अभिषेक के बाद विश्व में सुख शांति और समृद्धि की कामना करते हुए शांतिधारा की गई। तत्पश्चात भगवान सुपार्श्वनाथ की अष्ट द्रव्य से पूजा अर्चना की जाकर निर्वाण काण्ड भाषा का सामूहिक उच्चारण करते हुए मंत्रोच्चार के साथ मोक्ष कल्याणक अर्घ्य “असित फागुण सांतय पावनों।सकलकर्म कियो क्षय भावनों।। गिरि समेदथकी शिव जातु है।जजत ही सब विघ्न विलातु है।।” का सामूहिक उच्चारण करते हुए निर्वाण लाडू चढाया गया। इसी तरह से आठवें तीर्थंकर भगवान चन्द्र प्रभू की पूजा अर्चना की जाकर मंत्रोच्चार से ज्ञान कल्याणक अर्घ्य ” वर केवल भानू उद्दोत कियों । तिहुं लोकतणो भ्रम मेट दियो।।कलि फाल्गुनसप्तमि इन्द्र जजे। हम पूजहिं सर्व कलंक भजे।।” का सामूहिक उच्चारण करते हुए अर्घ्य चढाया गया। महाआरती के बाद समापन हुआ।

परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’ के मुताबिक आमेर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर फागीवालान् में आचार्य सुनील सागर, आचार्य शशांक सागर महाराज ससंघ सान्निध्य में, पदमपुरा में आचार्य विवेक सागर महाराज ससंघ सानिध्य में, सांगानेर के चौमूं बाग स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर में उपाध्याय उर्जयन्त सागर महाराज, सांगानेर थाना सर्किल स्थित श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर चित्रकूट कालोनी में मुनि पवित्रानन्द, मुनि श्रद्धानंद महाराज, गौरधन नगर में गणिनी आर्यिका विजय मति माताजी, आमेर रोड स्थित शिवजी गोधा की नसियां में गणिनी आर्यिका 105 गुरुमा भरतेश्वर मती माताजी के सानिध्य में विशेष आयोजन किये गये।

विशेष धार्मिक आयोजन

जैन के मुताबिक आगरा रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी, मनिहारों का रास्ता स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर बड़ा दीवान जी, तारों की कूंट पर सूर्य नगर के श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर,सेठी कालोनी मंदिर, सांगानेर संघीजी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए।
अभादिजैन परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा के मुताबिक मंगलवार, 14 फरवरी को जैन धर्म के नवें तीर्थंकर भगवान पुष्पदंतनाथ का गर्भ कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page