शिवपुरी जैन समाज ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन सौंपकर रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी ट्रेन का नाम “आचार्य विद्यासागर एक्सप्रेस” रखने की मांग की है। यह ज्ञापन मुनि श्री अभयसागर जी महाराज की प्रेरणा से दिए जा रहे हैं, जिसके तहत देशभर में जैन समाज द्वारा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
मुरैना/शिवपुरी। भारत सरकार द्वारा हाल ही में रायपुर से वाया डोंगरगढ़ होकर संस्कारधानी जबलपुर तक के लिए एक नई इंटरसिटी ट्रेन प्रारंभ की गई है, जिसका नामकरण अभी तक नहीं हुआ है। इस ट्रेन का नाम “आचार्य श्री विद्यासागर एक्सप्रेस” रखने की मांग को लेकर देशभर में जैन समाज द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
परम पूज्य निर्यापक मुनि श्री अभय सागर जी महाराज की प्रेरणा से यह जन-आंदोलन शुरू हुआ है। इसी क्रम में आज शिवपुरी जैन समाज ने बाल ब्रह्मचारी श्री मनोज भैया जी लल्लन के नेतृत्व में जिला कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने 58 वर्षों की संयम साधना के दौरान राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात सहित देश के अनेक राज्यों में विहार कर समाज में जीव दया, पर्यावरण संरक्षण, दलित चेतना, परोपकार और नैतिक मूल्य स्थापित किए।
आचार्यश्री के प्रेरणास्रोत कार्यों से देशभर में 150 से अधिक गौशालाएं, बालिका शिक्षा केंद्र, कौशल विकास संस्थान और चिकित्सा संस्थान संचालित हो रहे हैं, जो प्राणी मात्र के कल्याण का कार्य कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि आचार्य श्री से पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई, वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जैसे अनेक वरिष्ठ नेताओं ने आचार्यश्री से प्रेरणा प्राप्त की थी।
चंद्रगिरि क्षेत्र में समाधि पूर्वक अपने जीवन की अंतिम सांस ली थी
ज्ञात रहे कि परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने 18 फरवरी 2024 को छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित चंद्रगिरि क्षेत्र में समाधि पूर्वक अपने जीवन की अंतिम सांस ली थी। इस ज्ञापन कार्यक्रम में पंडित सुगनचंद जैन, नरेश कुमार जैन, अजय जैन शिक्षक, महेंद्र जैन भैयन, पदमचंद जैन, प्रदीप कुमार जैन, अजित जैन सिंघई, महेश जैन खतौरा वाले, हिर्देश जैन, हरिओम जैन, मुकेश जैन, भीकम चंद जैन, दिनेश जैन (मुरैना), संजीव जैन बांझल, संजीव जैन कैपिटल, संजय कुमार जैन, अंकुश जैन, शैलेश जैन, विवेक कुमार जैन, नितिन कुमार जैन, अंकित जैन, अनूप जैन, प्रदीप जैन, आनंद कुमार जैन (करैरा), श्रीमती आशा जैन शिक्षिका, विजय जैन (मुरार), अर्चित जैन एवं कथान्स जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाजजन उपस्थित रहे।













Add Comment