आगरा के जयपुर हाउस स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दसलक्षण पर्व के नौवें दिन बच्चों ने लघु नाटिकाओं और नृत्यों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को शिक्षाप्रद संदेश दिए। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
आगरा। जयपुर हाउस स्थित 1008 श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे दसलक्षण पर्व के अंतर्गत उत्तम आकिंचन धर्म के अवसर पर नौवें दिन का आयोजन बच्चों की प्रस्तुतियों के नाम रहा। 1 वर्ष से लेकर 15 वर्ष तक के 50 से अधिक बच्चों ने मंच पर लघु नाटिकाओं और नृत्यों का शानदार मंचन किया।
इन प्रस्तुतियों ने जहां उपस्थित श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया, वहीं सभी को जैन धर्म के गहन संदेश भी दिए। बच्चों की मासूम अदाओं और शिक्षाप्रद नाट्य मंचन ने वातावरण को भक्ति और संस्कार से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर मंजीत जैन, दीपक जैन, मुकेश जैन और राहुल जैन परिवार ने बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी झलक उठी और अभिभावकों ने भी इसे बच्चों के लिए प्रेरणादायी अनुभव बताया। दस लक्षण पर्व की यह कड़ी बच्चों के संस्कारों और जैन धर्म की शिक्षा को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाने का प्रतीक बनी।













Add Comment