दसलक्षण पर्वराज पर्युषण के अवसर पर इंदौर के कांच मंदिर इतवारिया में महिलाओं के लिए शानदार अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। सात टीमों की सहभागिता और धार्मिक गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पढ़िए राजेश जैन की ख़ास रिपोर्ट…
इंदौर, कांच मंदिर इतवारिया। दसलक्षण पर्वराज पर्युषण के पावन अवसर पर प्रतिदिन आयोजित हो रहे सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में महिलाओं के लिए भव्य अंताक्षरी प्रतियोगिता संपन्न हुई। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप शिखर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में सात टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को रोचक बनाने के लिए छह अलग-अलग राउंड आयोजित किए गए, जिनमें धार्मिक भजन, गीत और त्वरित उत्तर जैसी विशेष विधाएँ शामिल थीं। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक श्री प्रिंसिपल टोंग्या, रितेश पाटनी, प्रदीप गंगवाल, संजय पापड़ीवाला और मनीष गंगवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के संचालन हेतु उज्जैन से विशेष रूप से आमंत्रित नीता जम्बू धवल और मोनिका सेठी ने अपने सहज और मनोरंजक अंदाज से प्रतियोगिता को जीवंत बना दिया।
इनको मिला पुरस्कार
प्रतियोगिता में नेमीनगर जैन कॉलोनी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सोशल ग्रुप पुष्प की टीम को द्वितीय स्थान मिला। विजेता टीमों को शिखर ग्रुप के अध्यक्ष अनूप गांधी, सचिव अंकित रावत, पूर्व रीजन अध्यक्ष वितुल अजमेरा और रितेश पाटनी ने पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन समाज की महिलाएँ उपस्थित रहीं और सभी ने इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।













Add Comment