समाचार

ढाईद्वीप पंचकल्याणक में मनाया तप कल्याणक: सीएम शिवराज सिंह चौहान ने झुलाया पालना


सारांश

इंदौर के गांधीनगर में ढाईद्वीप जिनायतन में चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव के चौथे दिन मुख्यमंत्री सहित कैबिनेट मंत्री भी पहुंचे। दिगम्बर महा मुनिराजों का गुणगान किया गया। टोडरमल स्मारक की डॉक्युमेंट्री का चित्रणकर नाटक का मंचन हुआ। पूरी रिपोर्ट राजेश रागी/रत्नेश जैन की


इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रहे ढाईद्वीप जिनायतन में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर तप कल्याणक मनाया गया। इसके पूर्वकालीन रात्रिबेला में मध्यप्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बालक आदि कुमार का पालना झुलाया।

श्रावक – श्राविकाओं ने किया पूजन विधान
महोत्सव के मीडिया प्रभारी प्रदुमन फौजदार एवं दीपराज जैन ने बताया कि धर्मनगरी इंदौर के गांधीनगर में बनी विश्व की अद्वितीय रचना तीर्थधाम ढाईद्वीप जिनायतन में चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव के चतुर्थ दिवस माघ शुक्ल दूज सोमवार को अपार जनसमुदाय ने तप कल्याणक महोत्सव मनाकर दिगम्बर महा मुनिराजों का गुणगान किया। प्रातःकाल की मंगलबेला पर बड़ी संख्या में श्रावक – श्राविकाओं ने पूजन विधान कर मंगल प्रवचनों में गुरुदेवश्री कानजीस्वामी के मांगलिक सीडी प्रवचनों के साथ तत्त्ववेत्ता तार्किक विद्वान डॉ. हुकमचन्द भारिल्ल के प्रवचनों का लाभ लिया।

नीलांजना का नृत्य देख आया वैराग्य

राजा ऋषभ देव की कुल आयु 84 लाख पूर्व थी जिसमें 20 लाख पूर्व बाल अवस्था में व्यतीत किये, 63 लाख पूर्व राज्य अवस्था में बिताए। एक दिन राजसभा में नीलांजना का नृत्य चल रहा था तभी उसकी मृत्यु हो गई जिसे देखकर संसार दशा से वैराग्य आया और उन्होंने दिगम्बर जैनेश्वरी दीक्षा लेकर वन गमन कर दिया। इंद्र – इंद्राणियों, राजा-रानी सहित अपार जनसमुदाय ने भी मुनिराज के साथ वन गमन किया और स्वर्ग से आये लौकांतिक देवों ने उनके वैराग्य की अनुमोदना की। दीक्षा वन में पूजन विधान के बाद जबलपुर से पधारे वयोवृद्ध विद्वान पं. राजेंद्र कुमार जैन एवं पं. शैलेश कुमार तलोद वालों के श्रीमुख से दिगम्बर महामुनिराजों की महिमा जानी।

जिनेन्द्र भक्ति में दिगम्बर महामुनिराजों का मंगलगान

संध्या के समय श्री जिनेन्द्र भक्ति में दिगम्बर महामुनिराजों का मंगलगान किया गया। पश्चात बिपिन शास्त्री मुम्बई द्वारा ढाईद्वीप के समस्त ट्रस्टीगण एवं विशेष सहयोगियों का परिचय कराकर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान टोडरमल स्मारक की डॉक्युमेंट्री का सुंदर चित्रणकर नाटक का मंचन किया गया।

मुख्य मंत्री ने झुलाया पालना

जन्म कल्याणक के पावन प्रसंग पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पंचकल्याणक में पधारे। उनका महोत्सव समिति ने अभिनन्दन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश- विदेश के जाने-माने शताधिक से अधिक पुस्तकों के लेखक तार्किक विद्वान डॉ. हुकमचंद भारिल्ल का मध्यप्रदेश में सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सहित उनके साथ पधारे कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट एवं महापौर सहित अतिथियों ने बाल तीर्थंकर आदिकुमार का पालना झुलाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व को अहिंसा परमो धर्म की आवश्यकता है। मैं अगली बार मामी को लेकर आऊंगा और विश्व की अद्वितीय रचना अति सुंदर ढाईद्वीप जिनालय के दर्शन करूंगा।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
1
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page