तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के सीसीएसआईटी में क्लाउड में उड़ान पर सेमिनार में हुआ। इसमें संयुक्त अरब अमीरात के सूडो कंसल्टेंट्स कंपनी के क्लाउड एक्सपर्ट प्रीतीश आनंद ने व्याख्यान दिया। मुरादाबाद से पढ़िए, प्रो. श्यामसुंदर भाटिया की यह खबर…
मुरादाबाद। संयुक्त अरब अमीरात के सूडो कंसल्टेंट्स कंपनी के क्लाउड एक्सपर्ट प्रीतीश आनंद ने क्लाउड संगणना की मूल अवधारणाओं, विभिन्न प्रकारों और व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर गहनता से प्रकाश डाला। उन्होंने सार्वजनिक, निजी और संकर क्लाउड सरीखे मॉडलों की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए यह स्पष्ट किया कि किस प्रकार ये मॉडल विभिन्न उद्योगों में प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। आनंद ने नेटफ्लिक्स, स्विगी, ज़ोमैटो जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए समझाया कि किस प्रकार ये संस्थान क्लाउड प्रौद्योगिकी का उपयोग कर अपनी सेवाओं को अधिक सुरक्षित, तीव्र एवम् विश्वसनीय बना रहे हैं। आनंद तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ कम्प्यूटिंग साइंसेज़ एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी- सीसीएसआईटी में क्लाउड में उड़ानः क्लाउड टेक्नोलॉजी स्वर्णिम कैरियर पथ की खातिर बेस्ट पर आयोजित सेमिनार में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे। इससे पूर्व मुख्य वक्ता प्रीतीश आनंद, सीसीएसआईटी के प्रॉक्टर प्रो. प्रदीप कुमार, सीसीएसआईटी के एडिशनल एचओडी एवं सेमिनार कोऑर्डिनेटर डॉ. रूपल गुप्ता आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके सेमिनार का शुभारंभ किया।
उद्योग आधारित कौशल को विकसित करने को प्रेरित किया
क्लाउड एक्सपर्ट आनंद ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में क्लाउड प्रौद्योगिकी सूचना प्रौद्योगिकी, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन समेत दीगर क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने स्टुडेंट्स को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए नवाचार, आत्मनिर्भरता और उद्योग आधारित कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। सेमिनार के प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने क्लाउड प्रौद्योगिकी, वेबसाइट तैनाती, प्रमाणन, रोजगार अवसरों एवं तकनीकी नवाचार से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे।
इनको मिला पुरस्कार
इस ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में बीटेक-सीएस के स्टूडेंट्स हार्दिक बालसुनी को प्रथम, समीक्षा जैन को द्वितीय और मोहम्मद अदीब को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन शीर्ष तीन स्टूडेंट्स को अमेज़न वेब सेवाओं की पुस्तिकाएं प्रदान करके सम्मानित किया गया।
रोजगार अवसरों के लिए अत्यंत उपयोगी
फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग के डीन प्रो. आरके द्विवेदी ने कहा कि क्लाउड संगणना सूचना प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल अवसंरचना के भविष्य को आकार देने वाली एक प्रमुख और परिवर्तनकारी तकनीक है। उन्होंने एडब्ल्यूएस प्रमाणन को करियर उन्नति एवं बेहतर रोजगार अवसरों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए स्टूडेंट्स को एडब्ल्यूएस अकादमी और अन्य प्रमाणन मंचों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
छात्रों ने तकनीकी नवाचार से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे
सेमिनार के प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने क्लाउड प्रौद्योगिकी, वेबसाइट तैनाती, प्रमाणन, रोजगार अवसरों एवं तकनीकी नवाचार से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। सभी अतिथियों एवं मुख्य वक्ता को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। संचालन स्टूडेंट तंजीला बशीर ने किया।













Add Comment