समाचार

चोरों के बुलंद हौसले, तीन दिन में दूसरी बार तोड़े ताले

-वर्धमान सरोवर जैन मंदिर में लगातार चोरी की दूसरी घटना

जयपुर (अभिषेक जैन बिट्टू)। मानसरोवर थाना क्षेत्र स्थित वर्धमान सरोवर कॉलोनी में स्थित जैन मंदिर में शनिवार को हुई चोरी की वारदात के बाद सोमवार को एक बार फिर चोरों ने बेखौफ होकर उसी मंदिर में घुसकर लगातार दूसरी बार ताले तोड़कर चोरी की। शनिवार को हुई चोरी के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट पर पुलिस प्रशासन को अभी कोई सुराग भी हाथ नहीं लगा था कि सोमवार को दुबारा चोरों ने अपने बुलन्द हौसलों के साथ प्रशासन को ठेंगा दिखा दिया और चोरी कर डाली। मंदिर व्यवस्था प्रबंधक सुनील सोगानी ने बताया कि सोमवार को हुई वारदात की जानकारी मंदिर के सेवादार मोहन सिंह ने मंगलवार को सुबह उन्हें और मंदिर ट्रस्टी गौतम जैन को दी। जैसे ही वारदात की जानकारी मिली तो मानसरोवर थाने को इतला किया गया और वे भी मंदिर पहुंचे।

मंदिर पहुंचने के बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो फुटेज में चोर शनिवार की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों जैसे ही लगे। मंदिर में तीन दिन में दूसरी वारदात होने के चलते स्थानीय नागरिक भी अपने आपको असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। कहीं ऐसी या इससे बड़ी कोई वारदात उनके घरों पर भी ना हो जाये। लगातार दूसरी वारदात होने के बाद पुलिस प्रशासन से आस-पास के इलाके में रात्रि 9 बजे से सुबह 6 बजे तक लगातार गश्त की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई।

एसपी को देंगे ज्ञापन
राजधानी जयपुर और आस-पास के जैन मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों को लेकर जैन समाज में भी आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को समाज बन्धु साउथ एसपी से मुलाकात कर चोरों को पकड़ने और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने का मांग को लेकर ज्ञापन सौपेंगे।

अखिल भारतीय दिगम्बर जैन युवा एकता संघ अध्यक्ष अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि समाज में जैन मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों से आक्रोश बढ़ता जा रहा है और रहवासी खुद को भी असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले बीते चार नवंबर को जगतपुरा के महल योजना स्थित जैन मंदिर में चोरी हुई थी। इसके अलावा गलता गेट और बजाज नगर के जैन मंदिरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

You cannot copy content of this page