इंदौर के दिगंबर जैन समाज को इस वर्ष पूज्य वंदनीय आर्यिका विज्ञानमति माताजी के चातुर्मास के अलावा आचार्य विहर्षसागरजी का भी चातुर्मास कराने और उनका सानिध्य पाने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। पढ़िए राजेश जैन दद्दू की रिपोर्ट…
इंदौर। इंदौर के दिगंबर जैन समाज को इस वर्ष पूज्य वंदनीय आर्यिका विज्ञानमति माताजी के चातुर्मास के अलावा आचार्य विहर्षसागरजी का भी चातुर्मास कराने और उनका सानिध्य पाने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। आचार्य विहर्षसागरजी गणाचार्य विरागसागरजी महाराज के सुशिष्य हैं और भोपाल से इंदौर के लिए विहार कर रहे हैं।
आचार्यश्री स्पष्टवादी प्रखर प्रवचनकार हैं और प्रवचन के माध्यम से युवक-युवतियों को धर्म के प्रति जागृत करने के साथ-साथ समाज को भी एकता के साथ संगठित रहने की शिक्षा देते हैं। पिछले दिनों विहार के दौरान दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी, सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका, समाजसेवी आजाद जैन, दिगंबर जैन परवार समाज के संरक्षक डॉक्टर जैनेंद्र जैन, मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू आदि ने भी आचार्य श्री को श्रीफल समर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया और इंदौर चातुर्मास हेतु निवेदन किया। 16 या 17 जून को आचार्य श्री नगर प्रवेश करेंगे।
परिचय
आचार्य श्री विहर्षसागरजी महाराज
7 मार्च 1970 को बुंदेलखंड की वसुंधरा बीना जिला सागर में धर्मश्रेष्ठी स्वर्गीय श्री दीपचंद जी जैन एवं स्वर्गीय श्रीमती आशादेवी जैन (समाधिस्थ आर्यिका संमति
माताजी) के घर आंगन में जन्मे विनोद उर्फ बंटी भैया आज हम सबके बीच गणाचार्य विराग सागर जी महाराज से दीक्षित आचार्य विहर्षसागरजी नाम से देशभर में अपने त्याग, तपस्या, चर्या और ज्ञान से श्रमण संस्कृति एवं नमोस्तु शासन को जयवंत कर रहे हैं।
इंटर तक शिक्षित विनोद उर्फ बंटी भैया के मन में युवा वस्था की दहलीज पर कदम रखते ही वैराग्य उत्पन्न हो गया और माता-पिता की अनुमति एवं गणाचार्य विराग सागरजी से आशीर्वाद प्राप्त कर आप आचार्य श्री के संग में बाल ब्रह्मचारी के रूप में सम्मिलित होकर अध्ययन, मनन और चिंतन कर धर्म साधना करने लगे। आपकी भक्ति, श्रद्धा एवं मन में उपजे वैराग्य को देखकर गणाचार्य विरागसागरजी ने दिनांक 23 फरवरी 1996 को देवेंद्र नगर
(पन्ना) में आपको ऐलक दीक्षा एवं 14 दिसंबर 1998 को दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र बरासो जिला भिंड मैं मुनि दीक्षा प्रदान कर मुनि विहर्ष सागर बना दिया,तब से आज तक आप देशभर में पद त्राण विहीन चरणों से पदयात्रा करते हुए श्रमण संस्कृति की धर्म ध्वजा फहरा रहे हैं विहर्ष वाणी के माध्यम से जगत कल्याणी जिनेंद्र वाणी को जन-जन मैं प्रचारित/ प्रसारित कर रहे हैं। 13 फरवरी 2023 को विरागोदय तीर्थ पथरिया जिला दमोह में गणाचार्य विरागसागरजी महाराज ने हजारों लोगों की उपस्थिति एवं सैकड़ों संतो के सानिध्य मेंआपको आचार्य पद प्रदान किया। आचार्य पदारोहण के बाद आचार्य विहर्षसागरजी का धर्म नगरी इंदौर में पहला चातुर्मास होगा। इसके पूर्व मुनि अवस्था में जबलपुर, भिंड, जगदलपुर, भिलाई, राजनाद गांव, बीना, झांसी, ग्वालियर, आगरा एवं दिल्ली आदि शहरों में चातुर्मास कर धर्म की महती प्रभावना कर चुके हैं। आपने मेरठ में वर्ष 2018 में आर एस एस के प्रमुख श्री मोहन भागवत के सानिध्य में हजारों आर एस एस के कार्यकर्ताओं को एवं
नफजगढ़(दिल्ली) मे सीआरपीएफ के जवानों को थी संबोधित करने का सौभाग्य अर्जित किया है।
प्रस्तुति :डॉक्टर जैनेंद्र जैन एवं राजेश जैन दद्दू













Add Comment