प्रसिद्ध अंतरिक्ष वैज्ञानिक डॉ. राजमल कोठारी ने देश के युवाओं का आह्वान किया है कि वे अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में कदम रखें और इस असीमित संभावनाओं वाले क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित करें। पढ़िए यह विशेष रिपोर्ट…
जयपुर। प्रसिद्ध अंतरिक्ष वैज्ञानिक डॉ. राजमल कोठारी ने देश के युवाओं का आह्वान किया है कि वे अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में कदम रखें और इस असीमित संभावनाओं वाले क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित करें। वे महावीर इंटरनेशनल के स्वर्ण जयंती समारोहों की श्रृंखला के अंतर्गत “गोल्डन थ्रेड” कार्यक्रम में फेसबुक लाइव साक्षात्कार के दौरान गवर्निंग काउंसिल सदस्य अजीत कोठिया से संवाद कर रहे थे।
जानकारियां साझा कीं
इस अवसर पर डॉ. कोठारी ने मिशन चंद्रयान, मंगल यात्रा और अंतरिक्ष के रहस्यों पर आधारित कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने अपने संघर्षपूर्ण बचपन, सागवाड़ा में प्राप्त स्कूली शिक्षा और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के साथ जुड़ाव की स्मृतियाँ भी साझा कीं। डॉ. कोठारी ने 100 से अधिक देशों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान की दिशा में काम करने वाले सभी युवा विद्यार्थियों को वे हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर हैं।
सेवा कार्यों की दी जानकारी
कार्यक्रम में वागदरी (डूंगरपुर) से पद्मश्री मूलचंद लोढ़ा ने भी फेसबुक लाइव साक्षात्कार में भाग लेते हुए नेत्र चिकित्सा, जनजातीय अंचलों में सेवा, विद्यालय संचालन और मासिक पत्रिका प्रकाशन जैसे विविध सेवाकार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे वे जागरण जन सेवा मंडल, वागदरी के माध्यम से आचार्य महाप्रज्ञ के सपनों को साकार कर रहे हैं। डॉ. कोठारी और पद्मश्री लोढ़ा ने महावीर इंटरनेशनल की स्वर्ण जयंती पर सभी सेवा भावी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अजीत कोठिया ने दोनों विशिष्ट अतिथियों को 5 और 6 जुलाई 2025 को जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह में आमंत्रित किया। कार्यक्रम संयोजक हस्तीमल बांठिया ने फेसबुक लाइव साक्षात्कार में शामिल होने के लिए अंतरिक्ष वैज्ञानिक डॉ. राजमल कोठारी और पद्मश्री मूलचंद लोढ़ा के प्रति आभार व्यक्त किया।













Add Comment