रविवार को पहाड़ी क्षेत्र, महाराष्ट्र और पाटी की ओर से विहार कर आर्यिका विशिष्ट मति जी माताजी का ससंघ सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में मंगल प्रवेश हुआ।आर्यिका संघ ने अपने ज्येष्ठ गुरु भाई मुनि श्री विवर्धन सागर जी, मुनि श्री विश्व नायक सागर जी, मुनि श्री प्रशम सागर जी ससंघ की वंदना कर दर्शन किए। बड़वानी से पढ़िए दीपक प्रधान की यह खबर…
बड़वानी। दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र बावनगजा जी पर गुरु भगवंतों की विशेष कृपा हो रही है। रविवार को पहाड़ी क्षेत्र, महाराष्ट्र और पाटी की ओर से विहार करते हुए आचार्य श्री विराग सागर जी की शिष्या आर्यिका विशिष्ट मति जी माताजी ससंघ 9 आर्यिका माताजी का सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में मंगल प्रवेश हुआ। आर्यिका माताजी के संघ की आगवानी ट्रस्ट अध्यक्ष विनोद दोशी, ट्रस्ट स्टाफ, बड़वानी, अंजड़, मनावर, गंधवानी, बाकानेर, सुसारी, कुक्षी, सिंघाना, धार, खरगोन, कसरावद, संपूर्ण निमाड़, मालवा, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के गुरु भक्तों ने आगवानी कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
बड़े बाबा के दर्शन किए चरणाभिषेक देखे
सुबह बड़वानी युवा संघ और महिला-पुरुष ग्राम ओसाडा से पद विहार में साथ रहे। आर्यिका संघ ने अपने ज्येष्ठ गुरु भाई मुनि श्री विवर्धन सागर जी, मुनि श्री विश्व नायक सागर जी, मुनि श्री प्रशम सागर जी ससंघ की वंदना कर दर्शन किए और तीन प्रदक्षिणा कर नमोस्तु किया। अपने ज्येष्ठ गुरु भाई के दर्शन के बाद माताजी की आंखें आंसुओं से छलछला गई, जो अपने गुरु आचार्य श्री विराग सागर जी की समाधि के बाद विरह का दु:ख स्वतः ही दिखाई दे रहा था। आर्यिका माताजी और मुनि संघ ने बड़े बाबा के दर्शन किए और चरणाभिषेक देखे। सकल संघ ने गुरु स्तुति कर प्रतिक्रमण किया।
बावनगजा में गुरु भक्तों का जमावड़ा
इसके बाद तलहटी पर आकर समस्त संघ की आहार चर्या संपन्न हुई। दोपहर को सामयिक के बाद मुनि संघ की तत्व चर्चा, स्वाध्याय, प्रतिक्रमण, गुरु भक्ति, सकल संघ की और भगवान की आरती श्रावकों ने की। वर्तमान में बावनगजा जी में चार मुनि संघ विराजमान हैं। इसमें 1 आचार्य, 13 मुनि राज, आर्यिका, क्षुल्लक क्षुल्लिका मिलाकर कुल 31 श्रमण हैं और दूर-दूर से देश-प्रदेश से गुरु भक्तों का जमावड़ा लगा हुआ है। ये सारे साधु संत आगामी अप्रैल में पावागिरी सिद्ध क्षेत्र ऊन में होने वाले पंच कल्याणक महोत्सव और इंदौर में होने वाले पट्टाचार्य महोत्सव में शामिल होंगे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी मनीष जैन ने दी।













Add Comment