एमवीआई क्लब की पीआरओ अंजलि गुप्ता एवं सदस्य मोहन गुप्ता ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ को समाज सेवा के रूप में मनाते हुए स्थानीय सरकारी अस्पताल के कुपोषण वार्ड में बच्चों के लिए कुर्सियां एवं पोषक आहार सामग्री वितरित की। अंबाह से पढ़िए, अजय जैन की यह खबर…
अंबाह। एमवीआई क्लब की पीआरओ अंजलि गुप्ता एवं सदस्य मोहन गुप्ता ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ को समाज सेवा के रूप में मनाते हुए स्थानीय सरकारी अस्पताल के कुपोषण वार्ड में बच्चों के लिए कुर्सियां एवं पोषक आहार सामग्री वितरित की। अपनी वैवाहिक वर्षगांठ को एक यादगार और प्रेरणादायक सेवा कार्य के रूप में मनाते हुए स्थानीय सरकारी अस्पताल के कुपोषण वार्ड का उन्होंने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां भर्ती माताओं और बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना और उनकी सुविधा के लिए सहयोग प्रदान किया। सेवा भावना से प्रेरित इस आयोजन में कुपोषण वार्ड में बच्चों के बैठने की असुविधा को ध्यान में रखते हुए उनकी तरफ से 10 प्लास्टिक कुर्सियों का दान किया गया। इससे न केवल बच्चों को बल्कि उनके परिजनों को भी अधिक सुविधा प्राप्त होगी। कुर्सियों की यह व्यवस्था बच्चों को पोषण परीक्षण, आहार वितरण और चिकित्सा प्रक्रिया के दौरान आरामदायक स्थिति प्रदान करेगी।
कुपोषण के विरुद्ध सकारात्मक कदम
इस अवसर पर अंजलि गुप्ता और मोहन गुप्ता द्वारा बच्चों को मानकों के अनुरूप पौष्टिक खाद्य सामग्री भी वितरित की गई। जिसमें फल, बिस्किट, दलिया और सूखे मेवे शामिल थे। उनका कहना था कि यह छोटा प्रयास बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार और कुपोषण से लड़ने की दिशा में एक सकारात्मक कदम हो सकता है। अंजलि गुप्ता ने कहा कि हमारी वैवाहिक वर्षगांठ को किसी उत्सव के बजाय एक सेवा के रूप में मनाने का निर्णय लिया, ताकि हमारा यह दिन किसी के जीवन में मुस्कान ला सके। पीड़ित मानवता की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि हम लगातार समाजसेवा में सक्रिय है और इस तरह के आयोजनों के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का प्रयास करते हैं।
कुपोषण से सही देखभाल से निपटा जा सकता है
उन्होंने बच्चों के माता-पिता को उनके स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कुपोषण केवल भोजन की कमी नहीं, बल्कि पोषक तत्वों की अनुपलब्धता का परिणाम है। जिससे जागरूकता और सही देखभाल के माध्यम से निपटा जा सकता है। सेवा कार्यक्रम के अंत में अस्पताल स्टाफ को भी फलों का वितरण किया गया और उनकी निष्ठा एवं सेवा भावना की सराहना की गई। इस अवसर पर राखी जैन ने कहा कि इस प्रकार की सेवा पहल समाज को नई दिशा देती हैं और जनमानस में सहयोग, करुणा और दान की भावना को जागृत करती हैं। इस कार्यक्रम में रागिनी गुप्ता, शिखा गुप्ता, अर्चना जैन, दीपशिखा गुप्ता, सचिन गुप्ता, हरेन्द्र गुप्ता, शशि गुप्ता एवं कीर्ति राजावत सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पुण्य कार्य को मिलकर सफल बनाया और भविष्य में भी समाजसेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।













Add Comment