नगर की होनहार बेटी और जैन समाज का गौरव डॉ. श्रुति जैन (एमबीबीएस) ने अंबाह के सरकारी अस्पताल में अनुबंधित चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। उनकी नियुक्ति से न केवल परिवार और समाज में खुशी का माहौल है। अंबाह से अजय जैन की पढ़िए, यह खबर…
अंबाह। नगर की होनहार बेटी और जैन समाज का गौरव डॉ. श्रुति जैन (एमबीबीएस) ने अंबाह के सरकारी अस्पताल में अनुबंधित चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। उनकी नियुक्ति से न केवल परिवार और समाज में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे अंचल के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। डॉ. श्रुति जैन, जैन समाज के वरिष्ठ समाजसेवी सुमतिचंद जैन बरवाई वालों की नतिनी एवं व्यापार मंडल के अध्यक्ष विमल राजू जैन की सुपुत्री हैं। एमबीबीएस की पढ़ाई पूर्ण करने के बाद उन्होंने बड़े शहरों में अवसरों की बजाय अपने ही क्षेत्र को चुना और स्थानीय लोगों की सेवा को प्राथमिकता दी। ज्वाइनिंग के अवसर पर डॉ. प्रमोद शर्मा ने औपचारिक रूप से उन्हें पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान संक्षिप्त कार्यक्रम में सुमतिचंद्र जैन, विमल जैन राजू, सुरेंद्र त्यागी, अंकित उपाध्याय, दिलीप जैन, चीकू जैन, अरविंद गुप्ता सहित परिजन उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि श्रुति का यह निर्णय युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
श्रुति जैसी प्रतिभाशाली बेटियों से क्षेत्र का गौरव बढ़ता है
डॉ. श्रुति ने बताया कि चिकित्सक बनना उनका बचपन से सपना था और अब जब यह सपना साकार हुआ है तो वह अपनी ऊर्जा व ज्ञान को समाज की सेवा में लगाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में आज भी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, ऐसे में उनकी कोशिश होगी कि मरीजों को न केवल बेहतर इलाज मिले, बल्कि उन्हें सही परामर्श और जागरूकता भी प्रदान की जा सके। उनकी इस उपलब्धि पर जैन समाज सहित अन्य समुदायों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। समाजजनों का कहना है कि श्रुति जैसी प्रतिभाशाली बेटियों से क्षेत्र का गौरव बढ़ता है और आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा मिलती है। डॉ. श्रुति ने अपने पहले कार्यकाल में ही क्षेत्र की सेवा का संकल्प लिया है। उनकी यह पहल आने वाले समय में अंबाह क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।













Add Comment