मुरैना के वरिष्ठ अभिभाषक करनसिंह जैन द्वारा लिखित विधि पुस्तक ‘आपराधिक प्रकरणों में दोषमुक्ति एवं बचाव’ को भारतीय विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा वर्ष 2020-21 के लिए तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। पढ़िए मनोज नायक की रिपोर्ट…
मुरैना। नगर के वरिष्ठ अभिभाषक करनसिंह जैन द्वारा लिखित विधि पुस्तक ‘आपराधिक प्रकरणों में दोषमुक्ति एवं बचाव’ को भारतीय विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा वर्ष 2020-21 के लिए तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह पुस्तक हिन्दी भाषा में लिखी गई है। वाधवा पब्लिशिंग कम्पनी द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक को भारतीय विधि एवं न्याय मंत्रालय को भेजा गया था। इस पुस्तक के लेखक, वरिष्ठ राजनीतिज्ञ, समाजसेवी, अभिभाषक
करनसिंह जैन ने बताया कि पुस्तक में केन्द्रीय अधिनियमों या राज्य अधिनियमों के प्राधिकृत हिन्दी पाठ में प्रयुक्त अंशों को यथावत उद्धत किया गया है एवं उनमें प्रयुक्त हिन्दी शब्दों का प्रयोग किया गया है। राज खंड, विधायी विभाग, विधि और न्याय मंत्रालय द्वारा प्रकाशित विधि शब्दावली में दिए गए विधिक शब्दों का प्रयोग पुस्तक में तदरूप या समरूप पदों के लिए किया गया है। उपरोक्त पुस्तक में किसी अन्य पुस्तक की नकल नहीं की गई है। मुरैना जिले में किसी अभिभाषक की पुस्तक को यह पुरस्कार पहली बार मिला है। ज्ञातव्य हो कि एडवोकेट करनसिंह जैन किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। आप कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर रहे हैं। साथ ही आप अनेकों धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं में उच्चतम पदों पर पदासीन हैं। आपकी गणना शहर के श्रेष्ठिवर्ग में की जाती है। आप सदैव ही देश, धर्म एवं समाजोत्थान के कार्यों में संलग्न रहते हैं। आप जीवन के 90 बसन्त पार करने के बावजूद भी वर्तमान में देश, धर्म और समाज के लिए चिन्तित रहते हैं।













Add Comment