समाचार

आदिनाथ जन्म कल्याणक महोत्सव में हुआ आदिनाथ महामंडल विधान : श्रद्धालुओं ने भगवान का जलाभिषेक कर पुण्य अर्जित किया


नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मुनिश्री विलोकसागर जी महाराज एवं मुनिश्री विबोधसागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में भगवान आदिनाथ जन्म कल्याणक एवं रथोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को श्री आदिनाथ महामंडल विधान किया गया।आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह रिपोर्ट…


आगरा। नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मुनिश्री विलोकसागर जी महाराज एवं मुनिश्री विबोधसागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में भगवान आदिनाथ जन्म कल्याणक एवं रथोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को श्री आदिनाथ महामंडल विधान किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भगवान आदिनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान का जलाभिषेक कर पुण्य अर्जित किया और भक्तिभाव से आराधना की। इसके पश्चात बाल ब्रह्मचारी नितिन भैया के मार्गदर्शन में विधान का ध्वजारोहण निर्मल कुमार मोठया एवं हीरालाल बैनाड़ा तथा बीना बैनाड़ा परिवार द्वारा श्रद्धाभाव के साथ संपन्न कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक आदिनाथ महामंडल विधान में भाग लेकर भगवान की आराधना की। कार्यक्रम के दौरान मुनिश्री के समक्ष श्रद्धालुओं द्वारा शास्त्र भेंट की प्रेरणादायी परंपरा भी निभाई गई।

तीर्थंकरों के कल्याणक केवल उत्सव नहीं

मुनिश्री विलोकसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि तीर्थंकरों के कल्याणक केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और धर्ममार्ग पर चलने की प्रेरणा के अवसर होते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित होकर अपने जीवन को धर्ममय बनाने का आह्वान किया।

जीवन को धर्ममय बनाने का संकल्प

पूरे दिन मंदिर परिसर भक्ति और आस्था के वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ के चरणों में नमन कर अपने जीवन को धर्ममय बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अशोक जैन,अमित जैन बॉबी,दिनेश जैन,राजेश जैन, अजय जैन,संजीव जैन,राजेश जैन बल्ले, विनोद जैन,अखिल जैन,सत्येंद्र जैन सहित नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shree Phal News

About the author

Shree Phal News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page