समाचार

हरी पर्वत में पूजन, भक्ति और शांति का अदभुत संगम दिखा: श्री इंद्रध्वज विधान के समापन पर निकली रजतमय रथयात्रा


स्व. स्वरूपचंद जैन मारसंस की पावन स्मृति में मारसंस परिवार की ओर से 24 अक्टूबर से आयोजित श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान सोमवार को हरी पर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड में पूर्ण भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। आगरा से पढ़िए, शुभम जैन की यह खबर…


आगरा। स्व. स्वरूपचंद जैन मारसंस की पावन स्मृति में मारसंस परिवार की ओर से 24 अक्टूबर से आयोजित श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान सोमवार को हरी पर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड में पूर्ण भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन को आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य एवं विधानाचार्य पंडित आनंद प्रकाश जैन शास्त्री के मार्गदर्शन में विधिपूर्वक संपन्न कराया गया। अष्टान्हिका महापर्व के अंतर्गत इस महामंडल विधान के अंतिम दिवस का प्रत्येक क्षण भक्तिरस से सराबोर रहा। प्रातःकाल नित्य-नियम पूजन एवं आराधना के पश्चात विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन हुआ। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर हवन में आहुतियां समर्पित करते हुए विश्व में अहिंसा, करुणा और सद्भावना की शांति कामना की। पूरा परिसर अहिंसा परमो धर्म के उद्घोषों से गूंज उठा। प्रातः10.30 बजे श्रीजी की प्रतिमाओं को ऐरावत हाथी पर विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो आज़ाद पेट्रोल पंप रोड, संजय प्लेस, सेंट पीटर्स स्कूल मार्ग से होती हुई पुनः मुख्य पांडाल पहुंची। रथयात्रा में आचार्यश्री ससंघ के पावन सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने पुष्पवृष्टि कर जयघोष किए। पूरा मार्ग भक्ति,उल्लास और श्रद्धा से आलोकित हो उठा। मुख्य पांडाल पहुंचने पर सम्मान समारोह और धन्यवाद ज्ञापन का आयोजन किया गया। मारसन्स परिवार की ओर से आचार्यश्री एवं साधुसंघ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि इंद्रध्वज विधान आत्मा की ऊर्ध्व यात्रा और आंतरिक शुद्धि का प्रतीक है।

जब मनुष्य अपनी वासनाओं पर विजय प्राप्त करता है। तभी वह सच्चे इंद्रत्व की ओर अग्रसर होता है। यह विधान आत्मकल्याण और विश्वकल्याण की प्रेरणा देता है। विधान का समापन मारसन्स परिवार, आगरा द्वारा आयोजित वात्सल्य भोज के साथ हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर पूरा हरीपर्वत क्षेत्र भक्ति,शांति और उल्लास के सुरों से गूंज उठा। इस मौके पर विमलेश जैन, नितिन जैन, अशोक जैन, राजेंद्र जैन, सुनील जैन हुकुम जैन, पंकज जैन, कमल ठोलिया, संजय जैन, अजीत जैन, ऊषा जैन, मेघना जैन, नीलू जैन, निशि जैन, अंजू जैन, वंदना जैन, सुरेंद्र बिलाला, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित आगरा जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आप को यह कंटेंट कैसा लगा अपनी प्रतिक्रिया जरूर दे।
+1
0
+1
0
+1
0
Shreephal Jain News

About the author

Shreephal Jain News

Add Comment

Click here to post a comment

You cannot copy content of this page