गुजरात के जूनागढ़ स्थित गिरनारजी तीर्थ के लिए इंदौर से यात्रियों को जत्था सोमवार शाम को रवाना हुआ। 8 बसों के माध्यम से विश्व जैन संगठन के नेतृत्व में यह यात्रा हो रही है। जैन सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं समाज के वरिष्ठ जनों ने धर्मयात्रियों को मंगलकामनाओं सहित विदा किया। इंदौर से पढ़िए, राजेश जैन दद्दू की यह खबर…
इंदौर। भगवान नेमिनाथ की मोक्ष स्थली पर मोक्ष कल्याणक महोत्सव में शामिल होने के लिए मां अहिल्या की नगरी इंदौर शहर से 500 से अधिक जैन श्रद्धालुओं का 8 स्लीपर कोच बसों से जत्था सोमवार शाम 7 बजे महावीर बाग एरोड्रम रोड से गिरनार तीर्थ क्षेत्र के लिए रवाना हुआ। यह धार्मिक यात्रा जैन समाज के लिए महत्वपूर्ण है। जिसको लेकर समंग्र जैन श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह दिखा। तीर्थ यात्रियों को महावीर बाग एरोड्रम रोड से जैन समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों एवं धार्मिक संगठनों ने विदाई दी। यात्रा के संयोजक विश्व जैन संगठन इंदौर के अध्यक्ष मयंक जैन ने बताया कि भगवान नेमीनाथ के मोक्ष कल्याण दिवस बुधवार को लेकर देशभर के जैन तीर्थ क्षेत्र में एवं जिनालयों में भगवान नेमीनाथ स्वामी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। जिसमें गिरनार पर्वत का विशेष महत्व है। यहीं से भगवान नेमीनाथ ने मोक्ष प्राप्त किया था। इस धार्मिक आयोजन में इंदौर सहित देशभर से लगभग 50 हजार श्रद्धालु गिरनार जी पहुंचकर भगवान नेमिनाथ को सामूहिक रूप से निर्वाण लाडू चढ़ाएंगे।
सफल मंगलमय यात्रा की अनुमोदना की
गिरनार तीर्थ के तीर्थ यात्रियों को विदाई देने के लिए लिए 8 बसों के पुण्यार्जक सहित समाज श्रेष्ठी कांतिलालल बम, राजीव जैन पार्षद, प्रदीप बड़जात्या, कैलाश वेद, डॉ. जैनेंद्र जैन, पूर्व पार्षद पवन जैन , जयदीप जैन ,मनोज काला, नकुल पाटोदी, जैनेश झांझरी, महावीर जैन, वीरेंद्र बड़जात्या, पवन पाटोदी, संगीता विनायका आदि गणमान्य उपस्थित थे। सभी ने यात्रियों को सफल यात्रा की शुभकामनाएं देकर रवाना किया। मंगलमय यात्रा की अनुमोदना की। संयोजक मयंक जैन ने बताया कि यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।













Add Comment