सनावद। आचार्य श्री वर्धमानसागर जी महाराज के आशीर्वाद से संचालित आचार्य श्री वर्धमानसागर रात्रि पाठशाला के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने नवरात्रि के प्रथम दिन श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में सामूहिक पूजन का आयोजन किया।
बच्चों ने प्रातः पंचामृत अभिषेक कर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ जिनेंद्र भगवान की आराधना की। प्रशांत चौधरी के निर्देशन में उन्हें सामूहिक संगीतमय पूजन की विधि भी समझाई गई।
बच्चों ने सीखी विधिपूर्वक आराधना
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को जैन धर्म की पूजा-विधि, सामूहिक आराधना और धार्मिक संस्कारों से जोड़ना रहा। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पूजन में भाग लिया और विधि-विधान को समझने का प्रयास किया।
सामूहिक पूजन का पुण्यार्जक पवन कुमार, मयंक एवं हितार्थ धनोते परिवार रहा। पूजन के पश्चात विधान, भाविक एवं नितिन जैन परिवार की ओर से बच्चों को प्रभावना वितरित की गई।
आरती और धर्मचर्चा में भी सहभागिता
इसी क्रम में रात्रि के समय पाठशाला के बच्चों ने श्री आदिनाथ छोटा जैन मंदिर में सामूहिक आरती की। इसके बाद धर्मचर्चा आयोजित हुई, जिसमें बच्चों ने धार्मिक विषयों को समझा।
इस अवसर पर प्रज्ञा धनोते, प्रियंका पंचोलिया, महिमा जैन, ऋतु जैन, वर्षा जैन, रानू जैन, वंदना जैन, हेमंत काका, सोनू जैन, राजेश जटाले और अनुभव जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : सन्मति जैन काका, सनावद





