ललितपुर। संयमी व्यक्ति का जीवन संयत और निर्मल होता है। आचार्य श्रेष्ठ विद्यासागर महाराज के प्रभावक शिष्य मुनि विशदसागर महाराज ने उत्तम संयम धर्म की व्याख्या करते हुए कहा कि जिन विषयों को हम मन से निषिद्ध कर देते हैं और मन पर हावी नहीं होने देते, वही संयम की सच्ची शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि संयम जीवन की प्रथम सीढ़ी है और इसके लिए सतत साधना की आवश्यकता है। जिस वस्तु को व्यक्ति स्वयं मन से छोड़ देता है, उसका निषेध स्थायी हो जाता है। लेकिन किसी दूसरे के दबाव से छोड़ी गई वस्तु के प्रति आकर्षण बना रह सकता है।
मुनिश्री ने कहा कि संयम की आराधना ही जीवन की श्रेष्ठ साधना है। इसके बंधन में बंधा मनुष्य परोपकारी बनता है और शांति के सागर को प्राप्त करता है।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ धर्मसभा का शुभारंभ
नगर के पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अटा मंदिर में पर्युषण पर्व के अवसर पर धर्मसभा का शुभारंभ श्रेष्ठीजनों द्वारा आचार्यश्री के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मंगलाचरण अंजलि जैन ने प्रस्तुत किया
तत्त्वार्थ सूत्र का वाचन सिद्धि जैन, श्रेयशी जैन एवं सेजल जैन ने किया। अर्घ्य समर्पण का पुण्यार्जन राजेंद्र कुमार एवं सौरभ जैन मिठ्या ने किया। मध्यान्ह में मुनिश्री ने तत्त्वार्थ सूत्र को श्रावकों को विस्तार से समझाया।
समवशरण विधान में अर्घ्य समर्प
मध्यान्ह में पार्श्वनाथ जैन नया मंदिर में समवशरण विधान का पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से अर्घ्य समर्पित किए।
सुगंध दशमी पर धूप विसर्जन
सुगंध दशमी पर्व पर श्रावक-श्राविकाओं ने व्रत-उपवास रखे तथा प्रमुख जैन मंदिरों में पहुंचकर धूप विसर्जन किया। इनमें अभिनंदनोदय तीर्थ, जैन अटा मंदिर, आदिनाथ बड़ा मंदिर, पार्श्वनाथ नया मंदिर, आदिनाथ मंदिर गांधीनगर, चंद्रप्रभु मंदिर डोढ़ाघाट, शांतिनगर मंदिर, गांधीनगर इलाइट जैन मंदिर, सिविल लाइन, बाहुबलीनगर, पार्श्वनाथ कॉलोनी एवं एम्ब्रोशिया कॉलोनी शामिल रहे।
इस अवसर पर बालक-बालिका मंडल ने धार्मिक झांकियां सजाईं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं।
आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन पर प्रश्नोत्तरी
सायंकाल जैन आरती के उपरांत पार्श्वनाथ जैन अटा मंदिर में समर्पण जनसेवी संस्था द्वारा आचार्य श्रेष्ठ विद्यासागर महाराज के जीवन पर आधारित 21 प्रश्नों की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता का शुभारंभ श्रेष्ठीजनों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि जैन समाज अध्यक्ष डॉ. अक्षय टडैया रहे तथा अध्यक्षता समर्पण संस्था के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जैन ने की। प्रतियोगिता का संयोजन एवं संचालन डॉ. नीलम सराफ एवं वीणा जैन ने किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व पार्षद राजीव पटवारी, प्रबंधक मनोज जैन बबीना, अजय जैन गंगचारी, अंकित सतमैया, अक्षय अलया, मनोज जैन, पारस मनया, सजल जैन, सुशांत गोल्डी, दीपक सिंघई, अवरिल जैन, नयन जैन एवं अनीता मोदी सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : रिपोर्टर का नाम प्राप्त नहीं




