जयपुर। गुलाबी नगरी के जनकपुरी-ज्योतिनगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में श्री सहस्रकूट जिनालय की 1008 जिनप्रतिमाओं के महामस्तकाभिषेक एवं दीक्षा दिवस महामहोत्सव के अंतर्गत आठ दिवसीय धार्मिक आयोजन का शुभारंभ रविवार को भव्य घटयात्रा एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ।

पूज्य आचार्य श्री आदित्यसागर जी के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव से विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की।

मंगल कलश के साथ निकली घटयात्रा

घटयात्रा में बैंड-बाजों की मंगल ध्वनि के बीच महिलाएं लाल रंग की साड़ियों में धर्मध्वज और मंगल कलश धारण कर शामिल हुईं। पालकी में जिनवाणी विराजमान रही। मुख्य मंगल कलश धारण करने का सौभाग्य दीपिका पारस बिलाला को प्राप्त हुआ। उनके द्वारा मंडल शुद्धि का कार्य भी संपन्न कराया गया।

गाजियाबाद के जैन परिवार ने किया ध्वजारोहण

महोत्सव के शुभारंभ पर राजीव-सीमा जैन, गाजियाबाद परिवार ने ध्वजारोहण कर धर्मध्वजा फहराई। सीमा जैन ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।

धार्मिक अनुष्ठानों में सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य देवेश-प्रज्ञा कासलीवाल, कुबेर बनने का सौभाग्य निखिल-रूबल शाह तथा यज्ञनायक बनने का सौभाग्य मुकेश-संतोष पाटनी को प्राप्त हुआ।

अभिषेक-शांतिधारा और जिनसहस्रनाम विधान

सौधर्म इंद्र द्वारा मुख्य वेदी से तीर्थंकर आदिनाथ भगवान की प्रतिमा को जिनालय में विधानार्थ पांडुक शिला पर विराजमान किया गया। विधिक क्रियाओं के पश्चात अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई।

विधानाचार्य चीकू भैया के निर्देशन में मंडल की विधिक क्रियाओं के बाद श्री जिनसहस्रनाम विधान आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने 100 अर्घ्य समर्पित कर भगवान की भक्ति एवं आराधना की।

आगामी दिनों में होंगे विविध अनुष्ठान

आठ दिवसीय महामहोत्सव के शुभारंभ से जनकपुरी-ज्योतिनगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। आगामी दिनों में विविध धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सहस्रकूट जिनालय की 1008 जिनप्रतिमाओं का महामस्तकाभिषेक श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

श्रीफल साथी : पदम जैन बिलाला, जयपुर