"indore_shravak_sanskar_shivir_shobhayatra_26_september"

टैग :

इंदौर। सर सेठ हुकुमचंदजी की धर्मनगरी इंदौर में सकल जैन समाज के इतिहास में एक गौरवशाली अध्याय जुड़ने जा रहा है। श्रावक संस्कार शिविर के समापन अवसर पर तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापक मुनि श्री 108 सुधासागरजी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में 26 सितंबर 2026, शनिवार को विशाल चल समारोह एवं शोभायात्रा आयोजित की जाएगी।

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि इंदौर के जैन समाज की एकता, तप, संस्कार और धर्मप्रभावना का ऐतिहासिक प्रदर्शन होगी।

5,000 शिविरार्थी और 250 से अधिक तपस्वी होंगे शामिल

शोभायात्रा की विशेषता यह रहेगी कि 5,000 से अधिक शिविरार्थी एवं दशलक्षण महापर्व के दौरान दस निर्जल उपवास की तप-साधना करने वाले 250 से अधिक साधक श्वेत वस्त्रों में शामिल होंगे। तपस्वी साधकों की तपस्या की प्रभावना भी की जाएगी।

शिविर पुण्यार्जक आलोक-आकाश कोल परिवार ने बताया कि शोभायात्रा में बैंड-बाजे, घोड़े, बग्गियां एवं विंटेज गाड़ियों का विशेष आकर्षण रहेगा।

प्रातः 7 बजे दलाल बाग से होगा शुभारंभ

शोभायात्रा प्रमुख हर्ष जैन एवं जेनेश झांझरी ने बताया कि यात्रा 26 सितंबर को प्रातः 7 बजे विद्यासुधा देशना मंडप, दलाल बाग से प्रारंभ होगी।

शोभायात्रा का मार्ग इस प्रकार रहेगा—

दलाल बाग → मोदीजी की नसिया → रामाशाह मंदिर → लश्करी मंदिर → राजवाड़ा → शक्कर बाजार के तीन मंदिर → कांच मंदिर → तीर्थ स्वरूप आदिनाथ जिनालय, छत्रपति नगर।

समाजजनों से सहभागिता का आग्रह

आयोजकों ने सोशल ग्रुप फेडरेशन, महिला मंडलों, युवा मंडलों एवं सभी संगठनों से शोभायात्रा मार्ग में स्वागत मंच लगाकर तपस्वी शिविरार्थियों का अक्षत एवं पुष्पों से भावभीना अभिनंदन करने का आग्रह किया है।

समाजजनों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे समय का ध्यान रखते हुए प्रातः 7 बजे दलाल बाग पहुंचकर इस ऐतिहासिक धार्मिक शोभायात्रा में सहभागी बनें।

आयोजन से जुड़े प्रमुखजन

चातुर्मास अध्यक्ष नवीन गोधा, चातुर्मास गौरव सपना-मनीष गोधा, महोत्सव अध्यक्ष रानी-अशोक डोशी, शिविर पुण्यार्जक आकाश जैन एवं आलोक जैन कोल परिवार, अक्षय कासलीवाल, राहुल जैन स्पोर्ट्स तथा धर्मेंद्र सिनकेम सहित सकल जैन समाज धर्म प्रभावना समिति आयोजन से जुड़ी हुई है।

श्रीफल साथी : राजेश जैन दद्दू, इंदौर