इंदौर। धर्म साधना और तपस्या के मार्ग पर चलने वाले तपस्वी जनों का सम्मान देवताओं के सम्मान के तुल्य है। इसी भावना के साथ इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ जैन फोरम्स द्वारा समग्र जैन समाज के 301 से अधिक जैन गौरव महान तपस्वियों का भव्य तपस्वी अलंकरण समारोह 2026 रविवार को इंदौर के रवींद्र नाट्य गृह में बड़े ही भक्तिमय और गौरवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण और जैन भजनों से हुआ। मिनल जैन ने भजन प्रस्तुत किया। दीप प्रज्वलन अशोक मेहता, संदीप जैन, सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, कांतिलाल बम, निर्मल कासलीवाल सहित अन्य अतिथियों ने किया।

समारोह का आयोजन समग्र जैन समाज से साधु-साध्वी जी की पावन निश्रा और आशीर्वाद के साथ किया गया था। कार्यक्रम में गच्छाधिपति विज्ञान प्रभसूरिश्वर जी, अक्षुण्ण आचार्य पट्ट परम्परा के चतुर्थ पट्टाधीश आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज, आचार्य कुमुदनंदी जी महाराज, आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज की शिष्या पूर्णिमा दीदी, अंतर्मुखी मुनिश्री पूज्य सागर जी महाराज ने तपस्वियों को आशीर्वाद प्रदान दिया। अपने मंगल संदेश में अंतर्मुखी मुनि श्री पूज्यसागर जी महाराज ने तपस्वियों के तप की अनुमोदना करते हुए कहा कि तप और उपवास आत्मा को निर्मल करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जैन धर्म को ऐसे तपस्वी ही आगे बढ़ाएंगे और बढ़ा रहे हैं। मुनि श्री ने आयोजकों से कहा कि अगली बार इस आयोजन को भव्य रूप से करें और अधिक से अधिक समाजजनों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। आचार्य श्री सुनीलसागर जी की शिष्या पूर्णिमा दीदी ने भी तपस्वियों की साधना की सराहना करते हुए अपने मंगल आशीर्वचन प्रदान किए।

जैन श्री, जैन भूषण, जैन विभूषण से अलंकृत हुए तपस्वी
संस्था द्वारा इंदौर शहर निवासी 301 से अधिक महान तपस्वियों को उनकी कठिन धर्म साधना के लिए जैन श्री, जैन भूषण और जैन विभूषण जैसे अलंकरणों से सम्मानित किया गया। कांतिलाल बम ने बताया कि यह अलंकरण समारोह हम सभी के लिए एक उत्सव और एक मौका है, क्योंकि शास्त्रों में कहा गया है कि तपस्वियों का सम्मान देवताओं के सम्मान के तुल्य होता है। संचालन अनामिका बाकलीवाल ने किया।

कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
इस अवसर पर कांतिलाल बम, अशोक मेहता, निर्मल कासलीवाल,सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, संदीप जैन मोयरा सरिया, नरेंद्र वेद, भगवत सिंह नागौरी, राजीव भाण्डावत, निलेश रांका, श्रीफल मीडिया समूह की संपादक रेखा संजय जैन, रंगशाला प्रोडक्शन हाउस की साधना मादावत,नीता जैन, मिनल जैन, निधि जैन, तिशा जैन, राकेश जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने तपस्वियों का सम्मान किया।तपस्वियों के सम्मान समारोह में इंदौर के सकल जैन समाज की बड़ी उपस्थिति रही और सभी ने इस अनूठे अवसर के साक्षी बनकर पुण्य लाभ अर्जित किया।कांतिलाल बम ने समाजजनों का आभार व्यक्त किया।




