गुना। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप मेन, गुना के तत्वावधान में विद्यासागर पार्क में भजन सम्राट ब्रह्मचारी विनोद भैया की भक्ति संध्या का आयोजन हुआ। उनकी आध्यात्मिक भजन प्रस्तुतियों और संदेशपरक गीतों ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ

भक्ति संध्या का शुभारंभ आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद विनोद भैया ने मधुर स्वर में वैराग्यमय भजनों की प्रस्तुति दी।

उन्होंने जीवन की क्षणभंगुरता, सांसारिक संबंधों की असारता, गुरु-स्मृति और आत्मचिंतन का संदेश देने वाली रचनाएं प्रस्तुत कीं। श्रोताओं ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

आध्यात्मिक संदेशों से सराबोर रहीं प्रस्तुतियां

विनोद भैया ने श्रोताओं की मांग पर गीतकार प्रदीप, रवींद्र जैन, मन्ना डे, पंकज उदास और जगजीत सिंह की लोकप्रिय संदेशपरक रचनाओं के अंश भी प्रस्तुत किए। समाज, जीवन-मूल्यों, धर्म और वैराग्य से जुड़े गीतों को श्रोताओं ने साथ गुनगुनाया।

बाहुबली भगवान के महामस्तकाभिषेक तथा आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की स्मृति से संबंधित भजन प्रस्तुतियों ने वातावरण को विशेष रूप से भावपूर्ण बना दिया। गुरु-स्मृति में प्रस्तुत श्रद्धांजलि गीत के दौरान अनेक श्रोताओं की आंखें नम हो गईं।

समाजजनों की रही सहभागिता

प्रारंभ में अमित जैन एडवोकेट एवं सपन जैन, शरद एजेंसी ने ब्रह्मचारी विनोद भैया का स्वागत किया। आभार दिगंबर जैन सोशल ग्रुप मेन के अध्यक्ष राकेश जैन, रत्नश्री ने माना।

इस अवसर पर डॉ. जैनेन्द्र जैन, इंदौर, सुनील जैन ‘लीची’, अनिल बजाज ‘बट्टू’, पूर्व पार्षद श्रेयांश जैन, राजू पंसारी, राकेश जैन सारथी, प्रमोद महाना, जयवीर राजा, श्रीमती शशि बजाज ‘पिंकी’, सरिता महाना, ज्योति जैन सहित अनेक समाजश्रेष्ठी उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : राजेश जैन दद्दू, इंदौर