डडूका। दिगंबर जैन पाठशाला के बच्चों द्वारा शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर समाधिस्थ आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की पुण्यस्मृति तथा गणिनी प्रमुख आर्यिका श्री ज्ञानमती माताजी के जीवन, दर्शन और प्रेरक कार्यों का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा।

1003996978.jpg

पार्श्वनाथ भगवान का होगा जलाभिषेक

पाठशाला प्रेरक अजीत कोठिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः गर्भगृह में मूलनायक श्री पार्श्वनाथ भगवान के जलाभिषेक से होगी। इसके बाद पाठशाला परिसर में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज एवं गणिनी आर्यिका श्री ज्ञानमती माताजी की सामूहिक पूजन की जाएगी।

नव देवता पूजा रहेगी आकर्षण

कार्यक्रम में गणिनी आर्यिका श्री ज्ञानमती माताजी रचित नव देवता पूजा विशेष आकर्षण रहेगी। पाठशाला के बच्चे दोनों संतों के जीवन, उनके विचारों और जैन दर्शन से जुड़े प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत करेंगे।

भक्तामर दीप अर्चना में सहभागिता

रात्रि में शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सामूहिक भक्तामर दीप अर्चना में पाठशाला के बच्चे भी सहभागिता करेंगे। आयोजन से बच्चों में धर्म, संस्कार, गुरु-भक्ति और स्वाध्याय के प्रति रुचि विकसित करने का उद्देश्य रखा गया है।

तैयारियां पूर्ण

आयोजन की तैयारियां अजीत कोठिया, धनपाल शाह एवं मनोज एस. शाह के निर्देशन में पूर्ण कर ली गई हैं।

श्रीफल साथी : अजीत कोठिया, डडूका