आगरा। आचार्य श्री 108 सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का शनिवार को श्री अग्रवाल दिगंबर जैन मंदिर, मोती कटरा से मंगल विहार प्रारंभ हुआ। शाम चार बजे बैंड-बाजों, भक्तिमय जयकारों और धार्मिक उत्साह के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु विहार यात्रा में शामिल हुए।

पीर कल्याणी नसिया में हुआ स्वागत

विभिन्न मार्गों से होता हुआ मंगल विहार श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी, मोतीलाल नेहरू रोड पहुंचा। वहां जैन समाज के श्रद्धालुओं ने पुष्प एवं भक्तिभाव के साथ आचार्यश्री ससंघ की मंगल अगवानी की।

पीर कल्याणी नसिया जी पहुंचने पर आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ने भगवान नेमिनाथ के दर्शन किए। गुरुदेव के आगमन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

चरण प्रक्षालन और शास्त्र भेंट

श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री ससंघ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अनेक श्रद्धालुओं ने चरण प्रक्षालन कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा शास्त्र भेंट कर मंगल आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

धर्म, संयम और आत्मचिंतन का संदेश

मंगल प्रवेश के उपरांत आयोजित धर्मसभा में आचार्यश्री ने श्रद्धालुओं को मंगल प्रवचन दिए। उन्होंने धर्ममार्ग पर चलने, जीवन में संयम एवं सदाचार अपनाने और धार्मिक संस्कारों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।

आचार्यश्री ने कहा कि मनुष्य जीवन को सार्थक बनाने के लिए आत्मचिंतन, धर्माराधना और सद्कर्मों को जीवन में स्थान देना आवश्यक है। धर्म का उद्देश्य आत्मकल्याण के साथ जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।

समाजजनों की रही सहभागिता

इस अवसर पर राकेश जैन पर्देवाले, मनोज जैन, सुनील कक्का, सुबोध जैन, नीरज जैन, अमित जैन, विजय जैन, सचिन जैन, संजीव जैन, अनंत जैन, शुभम जैन सहित समग्र जैन समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

श्रीफल साथी : शुभम जैन आगरा