आगरा। हनुमान चौराहे स्थित श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर एवं श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जत्ती कटरा में संयुक्त रूप से वार्षिक कलशाभिषेक एवं क्षमावाणी महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया।
पंचकल्याणक पूजन और जलयात्रा
कार्यक्रम का शुभारंभ पंचकल्याणक पूजन एवं जलयात्रा से हुआ। जलयात्रा श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर से बैंड-बाजों के साथ प्रारंभ होकर श्री संभवनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मोती कटरा पहुंची।
श्रद्धालु कुएं से जल लेकर इंद्रों के साथ श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जत्ती कटरा पहुंचे। यहां भगवान शांतिनाथ का विधि-विधान से कलशाभिषेक संपन्न हुआ।
भगवान महावीर का 1008 कलशों से अभिषेक
इसके पश्चात जलयात्रा पुनः श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर पहुंची, जहां भगवान महावीर स्वामी का स्वर्ण कलश सहित 1008 कलशों से कलशाभिषेक हुआ। सभी मांगलिक धार्मिक क्रियाएं पंडित सुनील जैन शास्त्री एवं पंडित फकीर जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में संपन्न हुईं।
आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारियों, आगरा शैली के विभिन्न मंदिरों के अध्यक्षों एवं मंत्रियों को माला एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। बाहर से आए अतिथियों का भी स्वागत-अभिनंदन हुआ।
दीप आरती और भजन संध्या
सायंकाल हनुमान चौराहे स्थित जैन मंदिर में 108 दीपकों से आरती की गई। इसके बाद भजन संध्या आयोजित हुई, जिसमें महिलाओं, बालिकाओं और युवाओं ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में सहभागिता
इस अवसर पर महावीर प्रसाद जैन, अनंत कुमार जैन, अरुण पाटनी, रविंद्र जैन, गिरीश जैन, पुनीत जैन, अजित जैन, जयंती प्रसाद जैन, जितेंद्र जैन, अंकित जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित मोती कटरा जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रीफल साथी : शुभम जैन, आगरा




