ललितपुर। श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र गिरारगिरी जी में गणाचार्य श्री विरागसागर जी महाराज की प्रभावक शिष्या गणनी आर्यिका 105 विन्ध्यश्री माताजी (ससंघ) के मंगल सान्निध्य में वर्षायोग 2026 की स्थापना का भव्य चातुर्मास कलश स्थापना समारोह 2 अगस्त (रविवार) दोपहर 12 बज आयोजित किया जाएगा।

धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा शुभारंभ

मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील संचय ने बताया कि समारोह के अंतर्गत कलश स्थापना के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं मंगल कार्यक्रम संपन्न होंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

प्रतिदिन होंगे नित्य नियम और स्वाध्याय

समिति के महामंत्री प्रदीप जैन मड़ावरा के अनुसार वर्षायोग अवधि में प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से नित्य नियम, सामायिक एवं शास्त्र स्वाध्याय तथा सायं 6:15 बजे से आरती एवं दीप आराधना आयोजित होगी। प्रत्येक रविवार प्रातः 8:30 बजे गुरु माँ का विशेष प्रवचन भी होगा।

आर्यिका संघ का रहेगा पावन सान्निध्य

वर्षायोग के दौरान गणनी आर्यिका 105 विन्ध्यश्री माताजी के साथ आर्यिका 105 विद्वतश्री माताजी, आर्यिका 105 सुनन्दन माताजी, आर्यिका सुवंदन माताजी, आर्यिका सुचन्दन माताजी तथा आर्यिका सुदर्शन माताजी का भी पावन सान्निध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।

श्रद्धालुओं से सहभागिता का आह्वान

आयोजक ट्रस्ट समिति, प्रबंध समिति, वर्षायोग समिति एवं सकल दिगम्बर जैन क्षेत्रीय समाज ने सभी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।