मुरैना। सावन के पावन महीने में रक्षाबंधन के पर्व पर लायंस क्लब एलीट की ओर से झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों के साथ खुशियां साझा कर सेवा और भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को भी त्योहार की खुशियों से जोड़ना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना रहा। इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें नाश्ता कराया। बच्चों को मिठाई, समोसे, नमकीन, फल, टॉफी, बिस्किट सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। उपहार एवं खाद्य सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

रक्षाबंधन के पर्व को आत्मीय और यादगार बनाया

लायंस क्लब एलीट की अध्यक्ष अंजना शिवहरे ने कहा कि क्लब का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग के लोगों तक खुशियां पहुंचें और कोई भी बच्चा त्योहार की खुशी से वंचित न रहे। जरूरतमंद बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाना सेवा, प्रेम, अपनत्व और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। कार्यक्रम में सचिव अनुराधा गर्ग, कोषाध्यक्ष अंशुल गोलश, कंचन चावला, डॉ. शिवानी तोमर, अंजना गर्ग सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बच्चों के साथ बिताए गए समय ने रक्षाबंधन के पर्व को आत्मीय और यादगार बना दिया। सेवा और मुस्कान के इस प्रयास की उपस्थित लोगों ने सराहना की।