बांसवाड़ा। 52 वर्षों से संचालित गैर धार्मिक राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त सामाजिक संस्था महावीर इंटरनेशनल द्वारा पूरे देश में 1 सितंबर से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय वस्त्र सेवा अभियान: कपड़ा बैंक - खुशियों का बाज़ार का आयोजन किया जा रहा है। संस्था के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष वीर सीए अनिल जैन, अंतरराष्ट्रीय महासचिव वीर सोहन लाल वैद्य, अंतरराष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वीर सीए सुधीर जैन एवं राष्ट्रीय संयोजक रवींद्र कुमार जैन द्वारा वीर अजीत कोठिया डडूका (बांसवाड़ा) को इस महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय प्रोजेक्ट का विशेष राष्ट्रीय समन्वयक न्यूज एंड मीडिया नियुक्त किया गया है। अपरिग्रह से आत्मसम्मान तक का संदेश देने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त में दान देने के बजाय मात्र ₹10 की स्वाभिमान-सहयोग राशि पर उनकी पसंद के स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित वस्त्र चुनने का अधिकार देना है।
अभियान की मुख्य बातें व कार्यक्रम की समयरेखा
1 सितंबर (राष्ट्रीय शुभारंभ): पूज्य साधु-संतों के पावन सान्निध्य में संकल्प-दीप प्रज्वलन एवं अपरिग्रह संदेश के साथ अभियान की शुरुआत।
6 से 13 सितंबर (जन-संग्रह सप्ताह): घरों, कॉलोनियों, विद्यालयों, व्यापारिक संस्थानों एवं कार्यालयों से उपयोग योग्य अतिरिक्त वस्त्रों का संग्रह।
14 से 25 सितंबर (छँटाई व तैयारी): संग्रह किए गए वस्त्रों का वर्गीकरण (ए-श्रेणी उपयोग हेतु एवं बी-श्रेणी रीसाइक्लिंग हेतु), धुलाई, इस्त्री, साइज टैगिंग एवं बाज़ार की व्यवस्था।
26 से 29 सितंबर (खुशियों का बाज़ार): जरूरतमंद परिवारों के लिए गरिमापूर्ण बाज़ार का आयोजन, जहाँ वे अपनी पसंद से वस्त्र चुन सकेंगे।
सहभागिता की अपील
वीर अजीत कोठिया ने सभी आम जनमानस, समाजसेवी संस्थाओं और महावीर इंटरनेशनल के सभी केंद्रों व सदस्यों से अपील की है कि वे अपनी अलमारी से अतिरिक्त वस्त्र निकालकर इस सेवा महायज्ञ में सहभागी बनें और किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियाँ और आत्मसम्मान भरें। उल्लेखनीय है नॉलेज शेयरिंग एवं ई-चौपाल के इंटरनेशनल डायरेक्टर वीर अजीत कोठिया ई चौपाल के माध्यम से पूर्व में ही प्रतिदिन महावीर इंटरनेशनल की गतिविधियों के प्रचार प्रसार में संलग्न है।



