आगरा। कर्मयोगी स्थित श्री नेमीनाथ दिगंबर जैन मंदिर में 29 सितंबर को वार्षिक कलशाभिषेक एवं क्षमावाणी पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जिनेंद्र की आराधना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
पवित्र जल यात्रा से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती स्वरूपा जैन, अंशुल, शिप्रा, अंकुश, प्रिया जैन एवं सन्मति परिवार के निवास से पवित्र जल यात्रा के साथ हुआ। जल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-आरती करते हुए मंगल कलश में पवित्र जल धारण किया।
श्रद्धालु कर्मयोगी के विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में जल यात्रा के पहुंचने पर विधि-विधान एवं भक्तिभावपूर्वक श्रीजी का कलशाभिषेक संपन्न हुआ।
भक्तिभाव से गूंजा मंदिर परिसर
कलशाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान जिनेंद्र की आराधना करते हुए परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि तथा मंगल की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और भगवान जिनेंद्र के जयकारे गूंजते रहे।
वात्सल्य मिलन में दिया उत्तम क्षमा का संदेश
कलशाभिषेक के उपरांत मंदिर परिसर में वात्सल्य मिलन एवं वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। समाजबंधुओं ने एक-दूसरे से आत्मीयतापूर्वक मिलकर प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का परिचय दिया।
क्षमावाणी पर्व के अवसर पर सभी ने परस्पर ‘उत्तम क्षमा’ कहते हुए जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए क्षमा याचना की तथा मैत्री, प्रेम, सद्भाव और आत्मीयता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समाजजनों ने लिया धर्मलाभ
आयोजन में मंदिर के ट्रस्टीगण एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। रोहित जैन, रिचा जैन, अहिंसा, जगदीश प्रसाद जैन, सुनील जैन मेदा वाले, पवन जैन चांदी वाले, राजकुमार जैन, सुशील मोहन जैन, सुमेर पंड्या, प्रमेन्द्र जैन, समकित जैन, उषा मार्शंस, बीना जैन, आशा जैन एवं ममता जैन सहित व्यवस्था समिति के सदस्य तथा समाजबंधु उत्साहपूर्वक सहभागी बने।
श्रीफल साथी : आगरा




