इंदौर। श्रमण संस्कृति के महाश्रमण, तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापक मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में इंदौर के जैन युवाओं के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं आशीर्वचन कार्यक्रम का आयोजन रविवार 9 अगस्त को किया जाएगा। आयोजन धर्म प्रभावना समिति एवं सकल जैन समाज इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में होगा

धर्म, संस्कार और राष्ट्र निर्माण पर विशेष प्रवचन

धर्म प्रभावना समिति के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का केंद्र युवाओं को धर्म, संस्कार, सेवा, संगठन एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। समिति पदाधिकारियों के अनुसार मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के अमृतमय प्रवचन युवाओं को जीवन की दशा और दिशा समझने में प्रेरणादायी होंगे।

छत्रपति नगर में होगा आयोजन

कार्यक्रम रविवार 9 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे से तीर्थ स्वरूप आदिनाथ जिनालय, छत्रपति नगर के ऋषभ सभागृह में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं तथा युवाओं से समय पर पहुंचने का आग्रह किया गया है।

सभी युवा संगठनों से सहभागिता का आह्वान

राहुल जैन स्पोर्ट्स ने बताया कि कार्यक्रम में इंदौर के समस्त जैन युवा संगठनों, मंडलों, सोशल ग्रुप, फेडरेशन, मुनि सेवा समिति, युवा प्रकोष्ठ, जैन युवा व्यायामशाला सहित सभी युवा संगठनों की टीमों को आमंत्रित किया गया है।

आनंद गोधा, मनीष गोधा, मंयक जैन, राकेश गोहिल, हर्ष जैन एवं आकाश कोल ने सभी युवा साथियों से ससम्मान एवं समय पर उपस्थित होकर इस दिव्य अवसर का लाभ लेने का आग्रह किया।

युवाशक्ति को मिलेगी धर्म और संस्कार की प्रेरणा

धर्म प्रभावना समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि युवा शक्ति समाज और राष्ट्र की महत्वपूर्ण शक्ति है। ऐसे में युवाओं को धर्म, संस्कार, सेवा और संगठन से जोड़ना समय की आवश्यकता है। मुनि श्री के मार्गदर्शन से युवा पीढ़ी को जीवन में सही दिशा एवं सकारात्मक दृष्टिकोण प्राप्त होगा।

गुरु सान्निध्य में धर्मलाभ का अवसर

समिति ने युवाओं से अधिक से अधिक युवा साथियों को साथ लेकर कार्यक्रम में पहुंचने का अनुरोध किया है, ताकि सभी मुनि श्री सुधासागर जी महाराज के सान्निध्य में प्रवचन एवं आशीर्वचन का लाभ प्राप्त कर सकें।

आयोजन की सफलता में सहभागिता ही योगदान

धर्म प्रभावना समिति ने कहा कि युवाओं की गरिमामयी उपस्थिति ही इस आयोजन की सफलता एवं सार्थकता है। समिति ने सकल जैन समाज एवं सभी युवा संगठनों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।