भिंड। भिंड की पावन नगरी धन्य है। यहाँ की धर्मभूमि को एक और गौरव प्राप्त होने जा रहा है। श्री सिद्ध क्षेत्र सोनागिर जी में 22 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य जैनेश्वरी श्रमणी आर्यिका दीक्षा महामहोत्सव के अवसर पर भिंड नगर में भव्य विनौली यात्रा एवं मंगल गोद भराई समारोह भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। नगर में विराजमान मुनि श्री विनय सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से गुरुवार को नगर प्रवेश यात्रा निकाली गई। सायं 6 बजे आर्यिका विजिज्ञासा श्री माताजी के सान्निध्य में चैत्यालय मंदिर में प्रथम गोद भराई की गई। इसके पश्चात सायं 7 बजे महावीर गंज स्थित चंद्रप्रभु जैन मंदिर से भव्य विनौली यात्रा प्रारंभ हुई, जो गोल बाजार एवं सदर बाजार होते हुए चैत्यालय मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस अवसर पर गुरुसेवा परिवार, विमर्श जागृति मंच, जिनागम पंथी जैन मित्र मंडल, श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला महासभा सहित अन्य संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे।

इन संतों के आशीर्वाद से होगी दीक्षा

पत्रकार सोनल जैन ने बताया कि भारत गौरव समाधि सम्राट गणाचार्य श्री 108 विराग सागर जी महामुनिराज के मंगल आशीर्वाद एवं पट्टाचार्य भगवान श्री 108 विशुद्ध सागर जी मुनि महाराज के आशीष से उनकी आर्यिका श्री 105 विशा श्री माताजी के कर कमलों 22 नवंबर को सोनागिर सिद्ध क्षेत्र पर पाँच ब्रह्मचारिणी बहनों को जैनेश्वरी दीक्षा प्रदान की जाएगी।

इनकी होगी जैनेश्वरी दीक्षा

दीक्षा प्राप्त करने वाली बहनों में ब्रह्मचारिणी प्रखर श्री दीदी (विधि स्नातक, विधि निष्णात - बैतूल), ब्रह्मचारिणी रंगोली दीदी (वाणिज्य स्नातक, सनदी लेखाकार - दिल्ली), ब्रह्मचारिणी सोनम दीदी (ललित कला निष्णात, आशुलिपि), ब्रह्मचारिणी चेतना दीदी (मेहगांव) एवं भिंड नगर गौरव ब्रह्मचारिणी गिरिजा दीदी शामिल हैं।