इंदौर। श्रमण संस्कृति के महाश्रमण मुनि पुंगव श्री सुधासागर जी महाराज ने गुरुवार को दलाल बाग में आयोजित धर्मसभा में श्रद्धालुओं को जीवन को सार्थक और आडंबर से मुक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण सूत्र दिए। उन्होंने मोक्षमार्ग, आत्मशुद्धि, गुरु के समक्ष प्रायश्चित, शाकाहार और व्यसनमुक्त जीवन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
मोक्ष चाहिए तो संसार मार्ग का त्याग करें
मुनि श्री ने कहा कि यदि मोक्ष चाहिए तो संसार मार्ग का त्याग करना होगा। व्यक्ति को अपनी अशुद्धियों को शुद्धता का चोला नहीं पहनाना चाहिए। अशुद्ध अवस्था में धर्म क्रिया करना अथवा साधु को आहार देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पाप बुरा है, लेकिन पाप पर धर्म और शील की परत चढ़ा देना उससे भी बड़ा पाप है।
गुरु से अपनी बुराई नहीं छिपाएं
मुनि श्री ने कहा कि गुरु से कभी भी अपनी बुराई नहीं छिपानी चाहिए। पाप या अपराध होने पर गुरु के पास प्रायश्चित लेने जाना चाहिए, लेकिन अपने अपराध, पाप और अशुद्धि पर धर्म और सत्यता की शील लगवाने के लिए गुरु के पास नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आत्मा और परमात्मा इस दुनिया में सबसे बड़े गवाह हैं। उनसे कोई भी बात छिपी नहीं रहती। इसलिए व्यक्ति को बाहरी दिखावे के बजाय अपने अंतरमन को शुद्ध करने का प्रयास करना चाहिए।
माता-पिता की खुशी का रखें ध्यान
मुनि श्री ने कहा कि व्यक्ति को सबसे अधिक खुशी तब होती है, जब उसकी संतान उसकी ही जाति में विवाह करती है। उन्होंने युवक-युवतियों से अपने माता-पिता की खुशी का ध्यान रखते हुए अपनी ही जाति में विवाह करने का संकल्प लेने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की बात कही।
शाकाहार और व्यसनमुक्त जीवन का संदेश
मुनि श्री सुधासागर जी महाराज ने सभी को शाकाहारी बनने और मांसाहार का त्याग करने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से हर प्रकार के नशे से दूर रहने और व्यसनमुक्त जीवन जीने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने शराब सहित विभिन्न प्रकार के नशों से होने वाले नुकसान के प्रति सावधान करते हुए कहा कि सुखी और स्वस्थ जीवन के लिए शराब, गांजा, भांग, गुटका, तंबाकू आदि व्यसनों का बहिष्कार करना चाहिए।
फेडरेशन सदस्यों ने प्राप्त किया आशीर्वाद
धर्मसभा में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के अध्यक्ष श्री मनोहर झांझरी एवं शिरोमणि संरक्षिका श्रीमती पुष्पा कासलीवाल के नेतृत्व में फेडरेशन के अमित कासलीवाल, सुशील पांड्या, राकेश विनायका, प्रदीप चौधरी, भूपेंद्र जैन, ऋषभ जैन, संजय पापड़ीवाल, आशीष जैन, विपुल बांझल, पार्षद राजीव जैन, भूपेंद्र जैन, आलोक आकाश जैन कोल सहित अन्य सदस्यों ने मुनिश्री को श्रीफल समर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पर्युषण शिविर में सहयोग का आश्वासन
इस अवसर पर अमित कासलीवाल ने मुनिश्री को सोशल ग्रुप एवं फेडरेशन की स्थापना के उद्देश्य तथा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने पर्युषण पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले धर्म संस्कार शिविर में ग्रुप के सदस्यों द्वारा नाम के लिए नहीं, बल्कि काम के लिए हर तरह का सहयोग देने की इच्छा व्यक्त की और सहयोग का आश्वासन दिया।



