मुरैना। जैन उपासना स्थल बड़े जैन मंदिर में चांदी के छत्रों को चोरी हुए आठ दिन हो गए लेकिन, अभी तक न चोर पकड़ा गया और न ही छत्र बरामद हुए। घटना से क्षुब्ध जैन मंदिर के पदाधिकारियों ने अब आंदोलन करने का निर्णय लिया है। नगर के प्रतिष्ठित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर लगे लगभग डेढ़ किलो चांदी के तीन छत्र चोरी होने की घटना का अब तक खुलासा नहीं होने से सकल दिगम्बर जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है।
मुरैना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अनिल जैन एवं मंत्री विनोद जैन ने बताया कि 3 अगस्त की शाम करीब 7.40 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर एक ही लड़ी में लगे चांदी के तीन छत्र, चोरी कर लिए गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद 4 अगस्त की सुबह सकल समाज की उपस्थिति में सिटी कोतवाली मुरैना में एफआईआर दर्ज कराई गई।
8 अगस्त को दिया था पुलिस अधीक्षक को आवेदन
घटना के शीघ्र खुलासे एवं चोरी गए छत्रों की बरामदगी की मांग को लेकर 8 अगस्त को सकल दिगम्बर जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुरैना पुलिस अधीक्षक को आवेदन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल को पुलिस अधीक्षक द्वारा 48 घंटे के अंदर घटना का पटाक्षेप करने का आश्वासन दिया गया था। कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि आश्वासन के बावजूद अब तक घटना का खुलासा नहीं हो सका है। इससे समाजजनों में असंतोष एवं आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
घटना का शीघ्र समाधान होना आवश्यक
धार्मिक स्थल पर हुई इस चोरी की घटना को समाज ने गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गए चांदी के छत्र बरामद करने की मांग की है। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थल की सुरक्षा से जुड़ी इस घटना का शीघ्र समाधान होना आवश्यक है। यदि पुलिस प्रशासन द्वारा जल्द ही घटना का खुलासा कर चोरी गए छत्र बरामद नहीं किए गए तो सकल दिगम्बर जैन समाज को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।



