इंदौर। जैन मंदिरों में चोरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है। नगर के द्वारकापुरी क्षेत्र में फूटी कोठी के पास मेन रोड स्थित श्री शीतलनाथ श्वेतांबर जैन मंदिर में चोरी की सूचना मिली है। अज्ञात बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दानपेटी में रखे करीब तीन महीने के दान के रुपए, चांदी के सिक्के और पूजन सामग्री चुरा ले गए। आरोपी मंदिर में रखी एक छोटी दानपेटी भी उठाकर ले गए। शिकायत पर द्वारकापुरी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सुबह मंदिर में किया प्रवेश तो ताले टूटे मिले

मंदिर ट्रस्ट के सचिव चेतन भंडारी ने बताया कि 11 अक्टूबर की रात करीब 9.20 बजे मंदिर के कपाट बंद किए थे। अगले दिन 12 अक्टूबर की सुबह करीब 5.30 बजे श्रद्धालु और पुजारी मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा और ताले टूटे हुए मिले। सूचना मिलने पर मंदिर ट्रस्ट के सदस्य मौके पर पहुंचे। वहां देखा तो दानपेटी का ताला टूटा हुआ था। उसमें रखे करीब तीन महीने के दान के रुपए और चांदी के सिक्के गायब थे। बदमाश एक छोटी दानपेटी भी पूरी उठाकर ले गए।

सीसी टीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर द्वारकापुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज जब्त किए हैं और आरोपियों की पहचान के लिए फुटेज की जांच कर रही है। बताया गया कि मंदिर में कुछ साल पहले भी चोरी हुई थी। उस समय भी बदमाश नकदी लेकर फरार हुए थे। खबर के मुताबिक कि उस मामले में पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाई थी। मंदिर क्षेत्र में पुलिस गश्त और बदमाशों की चेकिंग को लेकर रहवासी पहले भी सवाल उठा चुके हैं।