दिगंबर जैन सोशल ग्रुप का होली मिलन समारोह बुधवार को आयोजित किया गया। इसमें समाज के लोगों ने सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखे। नगपालिका अध्यक्ष अंजलि जैन ने भी सोशल ग्रुप के महत्व को प्रतिपादित किया। इस अवसर नगर के समाजजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पढ़िए अंबाह से अजय जैन की यह खबर...
अंबाह। सोशल होने का सही अर्थ सामाजिक होना है। इसलिए दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के सभी सदस्य समाज उत्थान के अपने दायित्व का निर्वहन करें। हमारी एकजुटता नई वैचारिक सोच के साथ समाज के वंचित वर्ग को आगे बढ़ाएगी। बुधवार को शहर में श्री जैन बगीची परिसर में हुए दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के होली मिलन समारोह में यह बात नगर पालिका अध्यक्ष अंजलि जिनेश जैन ने कही। उन्होंने कहा कि होली खुशी, उल्लास एवं भाईचारे का त्योहार है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। होली हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि होली रंगों का त्योहार है। किसी में आपसी मनमुटाव और गिले-शिकवे हो तो उसे भुलाकर होली का पर्व मनाएं। जिससे प्रेम सौहार्द का वातावरण बन सके।सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाएं
इस अवसर पर अशोक जैन एडवोकेट, आनंद जैन टकसारी, सरस जैन, महेशचंद जैन, रमेशचंद जैन, मृदला जैन, मुन्नालाल जैन, सुनहरीलाल जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अशोक जैन एडवोकेट ने कहा कि किसी भी संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज हित में काम करते हुए लोगों की भलाई करना होता है। हमारे संगठन का नाम दिगंबर जैन सोशल ग्रुप है। इसलिए हमें अपने संगठन के नाम को सार्थक करते हुए सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए। महेश जैन एमपीईबी ने कहा कि दिगंबर जैन समाज के वंचित वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम करने की जरूरत है। इसके लिए संगठन के सदस्य समाज के जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित कर बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दिगंबर जैन समाज में कई परिवारों को आर्थिक असमानता के कारण जरूरी सुविधाएं नहीं मिलती हैं। शिक्षा के क्षेत्र में काम करते हुए ऐसे परिवार के बच्चों का सहयोग हमारे संगठन का उद्देश्य होना चाहिए। कार्यक्रम में अमित जैन टकसारी, कुलदीप जैन, संतोष जैन, सुशील जैन ,मनोज जैन,उपेंद्र पटेल,ओपी जैन, विकास जैन टायर सहित ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे।




